RRB: रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित, फरवरी में होंगे एग्जाम; देखें पूरा शेड्यूल
RRB Section Controller Exam Date: रेलवे भर्ती बोर्ड ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। नोटिस के अनुसार, फरवरी 2026 में सीबीटी परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए एग्जाम सिटी और एडमिट कार्ड तय समय पर जारी किए जाएंगे।
विस्तार
RRB Section Controller Exam Date OUT: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। जारी नोटिस के अनुसार, सेक्शन कंट्रोलर के तहत 368 पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन 11 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा से 10 दिन पहले एग्जाम सिटी की जानकारी जारी की जाएगी, जबकि एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले उपलब्ध होंगे।
इस भर्ती के लिए आवेदन अक्तूबर 2025 में लिए गए थे। यह पद पे लेवल-6 के अंतर्गत आता है, जिसमें शुरुआती वेतन 35,400 रुपये निर्धारित किया गया है और चयनित उम्मीदवारों के लिए L-2 मेडिकल स्टैंडर्ड अनिवार्य होगा।
परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
- उम्मीदवार परीक्षा शहर और परीक्षा तिथि की जानकारी परीक्षा से 10 दिन पहले सभी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर देख सकेंगे। इसी लिंक से अनुसूचित जाति/जनजाति के उम्मीदवार यात्रा प्राधिकरण भी डाउनलोड कर पाएंगे।
- एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा।
- परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को अपना मूल आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
- यदि आधार सत्यापन पहले से नहीं कराया है, तो उम्मीदवार www.rrbapply.gov.in पर लॉग-इन कर इसे पहले ही पूरा कर लें।
उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी ताजा जानकारी के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करना चाहिए और किसी भी अप्रमाणित स्रोत से बचना चाहिए। साथ ही, ऐसे दलालों और बिचौलियों से सावधान रहें जो नौकरी दिलाने के झूठे वादे करते हैं। आरआरबी में चयन पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) और उम्मीदवार की योग्यता पर आधारित होता है, इसमें किसी भी प्रकार की सिफारिश या अवैध तरीका मान्य नहीं है।