यूपीईएसएससी: सहायक अध्यापक भर्ती की परीक्षा रद्द होने की खबर फर्जी, आयोग ने साफ की स्थिति; जानें क्या कहा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने की सोशल मीडिया पर वायरल सूचना को फर्जी बताया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने से जुड़ी सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना का खंडन किया है। आयोग के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्वों और संस्थाओं ने आधिकारिक लेटरहेड, लोगो, आयोग के नाम और उपसचिव संजय कुमार सिंह के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर परीक्षा निरस्त होने का झूठा दावा किया है। आयोग ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर ‘महत्वपूर्ण सूचना’ के नाम से प्रसारित किया जा रहा पत्र पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। अभ्यर्थी इस पर भरोसा न करें।
कब होगी यूपीईएसएससी सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा?
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी) और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी (Urban) के पदों पर भर्ती का विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। इस भर्ती के लिए परीक्षा की तारीख 3 और 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने परीक्षा रद्द किए जाने की खबर को गलत बताया है। यानी वायरल पत्र के आधार पर परीक्षा स्थगित या रद्द मानना सही नहीं होगा।
फर्जी सूचना फैलाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी?
आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रयागराज के थाना कर्नलगंज में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। फर्जी सूचना में आयोग के आधिकारिक प्रतीक और अधिकारी के जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी सही जानकारी कहां देखें?
आयोग ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या किसी अन्य अनधिकृत माध्यम से मिली सूचना पर भरोसा न करें। ऐसी अपुष्ट सूचनाओं को आगे साझा यानी फॉरवर्ड भी न करें। भर्ती, परीक्षा कार्यक्रम, संशोधन और अन्य आधिकारिक अपडेट के लिए केवल इन माध्यमों पर भरोसा करें:
- आधिकारिक वेबसाइट: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट
- आधिकारिक एक्स अकाउंट: @upesscprayagraj
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी बदलाव या नई सूचना की पुष्टि आयोग के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। फिलहाल आयोग ने 3 और 4 दिसंबर 2026 की परीक्षा रद्द होने की खबर को फर्जी बताया है।
