Naukri JobSpeak 2023: नौकरी जॉबस्पीक रिपोर्ट जारी, बीमा और बैकिंग जैसे नॉन-आईटी सेक्टर की नौकरियों में वृद्धि
Naukri JobSpeak Index January 2023 Report Out: इस बार, नए साल की शुरुआत बेहद आशावादी रूख के साथ हुई है क्योंकि जनवरी 23 में देश का प्रमुख जॉब इंडेक्स नौकरी जॉबस्पीक पिछले साल की तुलना में दो फीसदी की वृद्धि के साथ इंडेक्स पर 2762 नंबर पर रहा है। यह जनवरी 2022 में 2716 पायदान पर था।
विस्तार
Naukri JobSpeak Index January 2023 Report Out: इस बार, नए साल की शुरुआत बेहद आशावादी रूख के साथ हुई है क्योंकि जनवरी 23 में देश का प्रमुख जॉब इंडेक्स नौकरी जॉबस्पीक पिछले साल की तुलना में दो फीसदी की वृद्धि के साथ इंडेक्स पर 2762 नंबर पर रहा है। यह जनवरी 2022 में 2716 पायदान पर था। इसका मतलब यह है कि भारतीय नौकरी बाजार में मजबूती और स्थिरता का प्रदर्शन जारी है। दो फीसदी की वृद्धि उल्लेखनीय है क्योंकि यह आईटी क्षेत्र में नियुक्तियों में 25 फीसदी की गिरावट के बावजूद दर्ज की गई है।
आईटी क्षेत्र की भर्ती में आई गिरावट की भरपाई कमोबेश गैर-आईटी क्षेत्रों जैसे बीमा, तेल, सेवा-सत्कार और बैंकिंग में होने वाली नियुक्तियों से हुई है। नौकरी डॉट कॉम के सीबोओ पवन गोयल के अनुसार, इस साल की शुरुआत के साथ, गैर आईटी क्षेत्र भारत में बीमा, तेल और सेवा सत्कार भर्ती गतिविधि में अग्रणी बने हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि आईटी से जुड़े महानगर, जो पिछले साल शीर्ष पर थे, इस बार अहमदाबाद और बड़ौदा जैसे उभरते शहरों से पीछे रह गए। कुल मिलाकर, यह भारतीय नौकरी बाजार के लिए एक बहु-आयामी दृष्टिकोण देता है और हमें नए साल को लेकर आशावादी बनाता है।
Naukri JobSpeak Index January 2023 आईटी उद्योग में नियुक्तियों में गिरावट
आईटी उद्योग में नियुक्तियों में गिरावट के कारण भारतीय आईटी क्षेत्र में नौकरी की वृद्धि में पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी की गिरावट आई है। बड़े आईटी दिग्गजों और यूनिकॉर्न दोनों में भर्ती रुझान में गिरावट आई, जबकि अन्य आईटी स्टार्टअप्स में पिछले साल के मुकाबले रुझान स्थिर रहा। अनुभवी कर्मचारियों की भर्ती में गिरावट के मुकाबले नए लोगों की भर्ती में सबसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ रहा है, इसके बाद मिड-एक्सपीरियंस वाले लोगों की भर्ती में गिरावट आई है, जबकि आईटी क्षेत्र में सीनियर स्तर (12 वर्ष से अधिक के अनुभव) में भर्ती स्थिर रही।
Naukri JobSpeak Index January 2023 गैर-आईटी क्षेत्र सबसे ज्यादा भर्तियां
गैर-आईटी क्षेत्रों ने 2023 की शुरुआत तेजी से की है। सबसे प्रमुख बीमा क्षेत्र है, जिसमें 93% की वृद्धि देखने को मिली है। अन्य गैर-आईटी उद्योग जिनकी भर्ती गतिविधि में वृद्धि की प्रवृत्ति दर्ज की गई, उनमें तेल (55%), आतिथ्य (53%), बैंकिंग (37%), रियल एस्टेट (31%), ऑटो (29%), बीपीओ (16%) और स्वास्थ्य सेवा (10%) शामिल हैं। चुनिंदा गैर-आईटी क्षेत्र जिन्होंने नियुक्ति रुझान को लेकर सतर्कता दिखाई है, उनमें टेलीकॉम, रिटेल और फार्मा शामिल हैं, जिनमें पिछले साल के मुकाबले इस साल नियुक्तियों में क्रमश: नौ फीसदी, आठ फीसदी और चार फीसदी की गिरावट आई है।