HSSC : पर्चा लीक के कारण रद्द हुई ग्राम सचिव भर्ती परीक्षा, राजनीति भी गरमाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा सरकार ने हाल ही में आयोजित हुई ग्राम सचिव भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है। राज्य में ग्राम सचिवों के रिक्त 700 पदों को भरने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से यह परीक्षा 09 और 10 जनवरी, 2021 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के पर्चा लीक होने का मामला संज्ञान में आने के बाद राज्य सरकार की ओर से इस परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की गई है। हालांकि, इसे लेकर राज्य में राजनीति भी गरमा गई है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने शनिवार को 09 और 10 जनवरी को दो-दो पारियों में आयोजित की गई लिखित परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की है। ग्राम सेवक के लगभग 700 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने का दावा किया गया था। इसे लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा है और उच्च स्तरीय जांच की मांग भी की है।
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ निजी कॉलेजों और अन्य संस्थानों में मोबाइल पर प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजी पाई गई हैं। इसलिए, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने लिखित परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है। चौटाला ने कहा, हमारी कोशिश है कि केवल योग्य उम्मीदवारों को नियुक्त किया जाए।
5,000 रुपए का मुआवजा देने की मांग
इस बीच, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि लिखित परीक्षाओं को रद्द करके, राज्य सरकार ने गुंडागर्दी को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने पेपर लीक मामले की एफआईआर दर्ज करने की मांग और इसकी स्वतंत्र जांच की भी मांग की है। सुरजेवाला ने कहा कि लगभग 10 लाख लोगों ने यह परीक्षा दी थी। उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा में बैठने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को करीब 5,000 रुपए का मुआवजा देने की मांग की है।
बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत दी थी
इससे पहले हाल ही में हरियाणा सरकार ने बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत दी थी। अब बेरोजगार अभ्यर्थियों को सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए बार-बार अलग-अलग आवेदन फॉर्म नहीं भरना पड़ेगा और उन्हें हर बार भर्ती परीक्षा के लिए अलग से फीस देने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, सरकार ने ग्रुप सी और डी पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया को भी समाप्त कर दिया है। हरियाणा सरकार ने नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एकल पंजीकरण पोर्टल शुरू किया। पोर्टल के लॉन्च के साथ, उम्मीदवारों को केवल एक बार पोर्टल पर आवेदन करने और फीस जमा करने की आवश्यकता होगी। राज्य सरकार ने ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ का शुभारंभ कर सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने के इच्छुक युवाओं को बड़ी राहत दी है। विभिन्न सरकारी विभागों में ग्रुप सी व डी श्रेणी तथा गैर-राजपत्रित शिक्षण पदों के लिए भर्ती के लिए इस पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं को मौका दिया जाएगा।