Vacancy: आईएएस के 1,365 और आईपीएस के 703 पद खाली, केंद्रीय मंत्री ने राज्य सभा में दी जानकारी
मंत्री ने बताया कि आईएएस और आईपीएस प्रमोशन कोटा में खाली पदों को भरने के लिए संघ लोक सेवा आयोग, राज्य सरकारों के साथ चयन समिति की बैठकें आयोजित की जाती हैं।
विस्तार
राज्य सभा में केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में 1,365 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में कुल 703 पदों के खाली हैं। इसके अलावा भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में 1042 और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में 301 पद खाली हैं।
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, 'खाली पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। खाली पदों को भरने के लिए केंद्र सरकार प्रयास कर रही है।' उन्होंने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग हर साल आईएएस, आईपीएस, आईएएफ और आईआरएस में सीधी भर्ती के आधार पर खाली पदों को भरने के लिए सिविल सेवा परीक्षा (CSE) आयोजित करता है।
मंत्री ने कहा, आईएएस और आईपीएस प्रमोशन कोटा में खाली पदों को भरने के लिए संघ लोक सेवा आयोग, राज्य सरकारों के साथ चयन समिति की बैठकें आयोजित की जाती हैं। सरकार ने सीएसई-2022 तक सीएसई के माध्यम से आईएएस अधिकारियों की वार्षिक भर्ती को 180 तक बढ़ा दिया है।
सीएसई-2020 के बाद आईपीएस की भर्ती बढ़ाकर 200 कर दी गई है। वहीं 2022 में आईएफएस की भर्ती बढ़ाकर 150 और आईआरएस की भर्ती बढ़ाकर 301 की गई है।