OICL Job: ओरिएंटल इश्योरेंस कंपनी में असिस्टेंट के 500 पदों पर आवेदन शुरू, ग्रेजुएट अभ्यर्थी अभी करें पंजीकरण
OICL Recruitment: ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने क्लास तृतीय सहायक पदों के कुल 500 रिक्तियों के लिए आज से पंजीकरण प्रक्रिया चालू कर दी है। उम्मीदवार नीचे दी वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
OICL Recruitment: ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL) ने आज असिस्टेंट (क्लास-III) के 500 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत पात्र एवं इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट orientalinsurance.org.in पर जाकर 17 अगस्त, 2025 ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग 7 दिन पहले वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता और भाषा संबंधी शर्तें
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी भी विषय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा, जिस राज्य या संघ राज्य क्षेत्र के लिए उम्मीदवार आवेदन करना चाहता है, वहां की क्षेत्रीय भाषा को पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान होना भी अनिवार्य है।
यह सुनिश्चित करने के लिए, अंतिम चयन से पूर्व एक भाषा दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार क्षेत्रीय भाषा में अपेक्षित योग्यता नहीं दिखा पाता है, तो उसे चयन प्रक्रिया से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
आयु सीमा और गणना की तिथि
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 31 जुलाई 2025 को आधार मानकर की जाएगी। यानी वे अभ्यर्थी पात्र हैं जिनका जन्म 31 जुलाई 1995 से पहले नहीं और 31 जुलाई 2004 के बाद नहीं हुआ हो। दोनों तिथियां शामिल की गई हैं, यानी 31.07.1995 और 31.07.2004 को जन्मे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
चयन प्रक्रिया में तीन चरण होंगे
OICL सहायक भर्ती 2025 के तहत उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों के माध्यम से किया जाएगा:
- टियर-1 (प्रीलिम्स परीक्षा)
- टियर-2 (मेन्स परीक्षा)
- रीजनल लेंग्वेज टेस्ट (क्षेत्रीय भाषा परीक्षा)
प्रीलिम्स परीक्षा पूरी तरह ऑब्जेक्टिव टाइप (बहुविकल्पीय) होगी और इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा (टियर-2) के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मेन्स परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को अंत में क्षेत्रीय भाषा परीक्षण देना होगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभ्यर्थी उस राज्य/क्षेत्र की भाषा को पढ़, लिख और बोल सकता है।
आवेदन से पहले ध्यान देने योग्य बातें
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले वे राज्यवार रिक्तियों, भाषा योग्यता, और अन्य सभी शर्तों को अच्छी तरह पढ़ लें। आवेदन में दी गई जानकारी गलत या अधूरी होने पर फॉर्म को निरस्त किया जा सकता है। साथ ही, यह भी ध्यान दें कि भाषा परीक्षा में विफल होने वाले उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए पात्र नहीं माना जाएगा, भले ही उन्होंने अन्य सभी चरणों में सफलता प्राप्त की हो।