आईओएल भर्ती: जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के 5 क्षेत्रों में नौकरी मौके, पांच का साल अनुभव जरूरी; जानें शर्तें
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड ने जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए अलग-अलग ट्रेड के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और 5 साल का संबंधित अनुभव जरूरी है।
विस्तार
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) ने जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर और प्रोजेक्ट टेक्नीशियन के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती निश्चित अवधि के अनुबंध (FTC) के आधार पर की जाएगी। कंपनी ने भर्ती से संबंधित दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए क्या है योग्यता?
- रसायन विज्ञान: रसायन विज्ञान में बीएससी की डिग्री होनी चाहिए। कम से कम 60% अंक जरूरी हैं। डिग्री के बाद संबंधित क्षेत्र में 5 साल का अनुभव भी होना चाहिए।
- इलेक्ट्रिकल: इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या प्लांट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग में 3 साल का डिप्लोमा होना चाहिए। कम से कम 60% अंक और डिप्लोमा के बाद 5 साल का अनुभव जरूरी है।
- इलेक्ट्रॉनिक्स: इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन या इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में 3 साल का डिप्लोमा होना चाहिए। 60% अंक और 5 साल का संबंधित अनुभव जरूरी है।
- मैकेनिकल: मैकेनिकल इंजीनियरिंग, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग या मेकाट्रॉनिक्स में 3 साल का डिप्लोमा होना चाहिए। कम से कम 60% अंक और डिप्लोमा के बाद 5 साल का अनुभव जरूरी है।
- ऑप्टिक्स और कोटिंग: भौतिकी और गणित मुख्य विषयों के साथ बीएससी की डिग्री होनी चाहिए। कम से कम 60% अंक और डिग्री के बाद 5 साल का संबंधित अनुभव जरूरी है।
नियुक्ति की अवधि
शुरुआत में नियुक्ति अधिकतम 2 साल के लिए होगी। काम और प्रदर्शन अच्छा रहने पर एक बार में 1 साल तक का विस्तार दिया जा सकता है। कुल मिलाकर अनुबंध की अवधि अधिकतम 5 साल हो सकती है। अगर प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा या किसी तरह का दुर्व्यवहार हुआ, तो आईओएल अनुबंध की अवधि पूरी होने से पहले ही नियुक्ति समाप्त कर सकता है।
जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर का चयन
- सबसे पहले आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
- योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
- डिप्लोमा या बीएससी में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्तियों की संख्या से अधिकतम दोगुने उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
- अंतिम चयन में 75% अंक डिप्लोमा/बीएससी के अंकों और 25% अंक इंटरव्यू के होंगे।
- इंटरव्यू से पहले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच होगी। दस्तावेजों में कमी मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
- बराबर अंक होने पर अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। फिर भी बराबरी होने पर नाम के वर्णानुक्रम के आधार पर फैसला होगा।
- इंटरव्यू ऑनलाइन या वर्चुअल माध्यम से नहीं होगा और इंटरव्यू की तारीख, समय या स्थान बदलने के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रोजेक्ट टेक्नीशियन के लिए कैसे होगा चयन?
- उम्मीदवारों को एनटीसी/एनएसी की अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ट्रेड टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
- अगर एनटीसी और एनएसी दोनों परीक्षाएं हुई हैं, तो एनटीसी के अंकों को माना जाएगा।
- रिक्तियों की संख्या से अधिकतम दोगुने उम्मीदवारों को ट्रेड टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
- ट्रेड टेस्ट एक प्रैक्टिकल टेस्ट होगा और यह केवल उम्मीदवार की योग्यता जांचने के लिए होगा।
- ट्रेड टेस्ट में पास होना जरूरी है। इसमें असफल होने वाले उम्मीदवार चयन के लिए योग्य नहीं होंगे।
- अंतिम मेरिट एनटीसी/एनएसी की अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर बनेगी।
क्या है आवेदन करने का तरीका
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की वेबसाइट के करियर सेक्शन से फॉर्म डाउनलोड करें। फॉर्म को बड़े अक्षरों में भरें। इसके साथ उम्र, पढ़ाई, अनुभव और वेतन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की खुद से सत्यापित कॉपी लगाएं। पूरा फॉर्म और दस्तावेज स्पीड पोस्ट से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड, OFILDD कैंपस, रायपुर, देहरादून (उत्तराखंड)-248008 के पते पर भेजें।