IGDTUW Placement 2025: छात्राओं को मिला एक करोड़ का ऑफर, माइक्रोसॉफ्ट-एप्पल जैसी दिग्गज कंपनियां भी शामिल
IGDTUW Placement 2025 में छात्राओं को बंपर ऑफर मिले हैं। मोटर क्यू कंपनी ने एक करोड़ का पैकेज ऑफर किया जबकि माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, इंफोसिस सहित कई नामी कंपनियों ने इंटर्नशिप और फुलटाइम ऑफर दिए।
विस्तार
IGDTUW Placement 2025: इंदिरा गांधी महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में अगस्त 2024 से अप्रैल-मई 2025 तक आयोजित हुए प्लेसमेंट सत्र में इस बार छात्राओं को नौकरी के बंपर ऑफर मिले हैं। न केवल इस बार ऑफर की संख्या में इजाफा हुआ, बल्कि इंटर्नशिप प्राप्त करने की संख्या भी बढ़ी है।
1300 नौकरियों के प्रस्ताव प्राप्त
एक साल तक चले प्लेसमेंट सत्र में अधिकतम एक करोड़ और इंफोसिस से न्यूनतम 3.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज की पेशकश छात्राओं को हुई, जबकि एटलसियन कंपनी ने दो छात्राओं को 64 लाख के वार्षिक पैकेज की पेशकश की है। विश्वविद्यालय छात्राओं को मिले इस तरह के ऑफर से उत्साहित है। विवि उम्मीद कर रहा है कि दो माह बाद शुरू होने वाले प्लेसमेंट सत्र में छात्राओं को और बेहतर ऑफर प्राप्त होंगे। आईजीडीटीयूडब्ल्यू के प्लेसमेंट सेशन 2024-25 में अब तक कुल 1300 नौकरियों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें 200 प्री प्लेसमेंट ऑफर, 769 फुल टाइम ऑफर, 390 छह माह के इंटर्नशिप ऑफर और 380 ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप शामिल हैं।
बढ़े ऑफर, बढ़ी उम्मीदें
औसत सैलेरी की बात की जाए तो यह 18-20 लाख रुपये वार्षिक रही है, जबकि 2023-24 के प्लेसमेंट सत्र के दौरान छात्राओं को 1200 ऑफर प्राप्त हुए थे। इनमें 172 प्री प्लेसमेंट ऑफर, 356 फुल टाइम ऑफर, 250 छह माह इंटर्नशिप ऑफर और 429 समर इंटर्नशिप ऑफर शामिल थे। इस तरह से बीते साल के मुकाबले में प्री प्लेसमेंट ऑफर से लेकर फुल टाइम ऑफर, इंटर्नशिप ऑफर और ग्रीष्मकालीन ऑफर में बढ़ोतरी हुई है।
कंपनियों ने दिए शानदार पैकेज
विवि के अनुसार, इस सत्र के दौरान अक्तूबर में मोटर क्यू कंपनी ने एक करोड़ का उच्चतम प्रस्ताव देकर नया बेंचमार्क स्थापित किया है। वहीं माइक्रोसॉफ्ट कंपनी सबसे बड़ी भर्तीकर्ता के रूप में उभरी है। इस कंपनी ने 52.9 लाख प्रति वर्ष के सैलेरी पैकेज के साथ 17 प्री प्लेसमेंट ऑफर की पेशकश की है। कंपनी वेल्स फार्गो ने इंटर्नशिप और फुलटाइम ऑफर के रूप में 49 छात्राओं को नौकरी के ऑफर दिए हैं। एप्पल ने 9 छात्राओं को छह महीने की इंटर्नशिप की पेशकश की है।
इस बार के प्लेसमेंट सीजन ने नई ऊंचाइयों को छुआ : कुलपति
आईजीडीटीयूडब्ल्यू की कुलपति प्रो रंजना झा ने कहा कि 2024-2025 के प्लेसमेंट सीजन ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। इस बार ऑफर की संख्या में इजाफा हुआ है, इस तरह से यह प्लेसमेंट सत्र मील का पत्थर बना है, जिसमें छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों की शीर्ष स्तरीय कंपनियों से ऑफर प्राप्त हुए हैं। कंपनी मोटर क्यू की ओर से मिला एक करोड़ का उच्चतम पैकेज छात्राओं की क्षमता और प्रतिभा को दर्शाता है। आईजीडीटीयूडब्ल्यू प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने मिशन में दृढ़ है। इसी का नतीजा है कि छात्राओं को प्लेसमेंट व इंटर्नशिप के इतने बेहतर ऑफर मिले हैं।
प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के लिए यह कंपनियां कैंपस पहुंचीं
मोटर क्यू, एप्पल, अमेजन, एटलसियन, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब, गोल्डमैन, गूगल, इंफोसिस और उबर समेत अन्य कंपनियां।