यूपीएससी: सीएपीएफ सहायक कमांडेंट परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना, 21 तारीख तक करना होगा यह काम
UPSC CAPF AC 2026: यूपीएससी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा के लिखित चरण में सफल अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना जारी हुई है। उन्हें 21 सितंबर शाम 6 बजे तक ऑनलाइन विवरण अपडेट कर दस्तावेज अपलोड करने होंगे। पूरी जानकारी पढ़ें...
विस्तार
UPSC CAPF AC 2026: संघ लोक सेवा आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा 2026 के अगले चरण को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। यह सूचना उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की है और अब शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होना है।
21 सितंबर तक क्या करना होगा?
आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, पीएसटी/पीईटी के लिए योग्य अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन विवरण अपडेट करने और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा 7 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इसके लिए अभ्यर्थियों को 21 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक संबंधित पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।
किन अभ्यर्थियों को करना होगा ऑनलाइन विवरण अपडेट?
जिन अभ्यर्थियों ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा 2026 की लिखित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है और पीएसटी/पीईटी के लिए योग्य घोषित किए गए हैं, उन्हें इस प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर लॉगिन करके अपने विवरण की जांच और आवश्यक जानकारी अपडेट करनी होगी। साथ ही, संबंधित दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।
अगर कोई योग्य अभ्यर्थी निर्धारित समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करता है, तो उसे परीक्षा के आगे के चरणों में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
15 दिनों का मिला समय
आयोग ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए 15 दिनों का समय दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं:
| विवरण | तारीख |
|---|---|
| ऑनलाइन विवरण अपडेट करने की शुरुआत | 7 सितंबर 2026 |
| अंतिम तिथि | 21 सितंबर 2026 |
| अंतिम समय | शाम 6 बजे |
| संबंधित पोर्टल | upsconline.nic.in |
अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। समय रहते लॉगिन करके सभी विवरण की जांच करना और जरूरी दस्तावेज अपलोड करना बेहतर रहेगा।
दस्तावेज पहले ही अपलोड कर चुके अभ्यर्थियों को भी करना होगा लॉगिन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने साझा आवेदन पत्र भरते समय ही जरूरी दस्तावेज और जानकारी अपलोड कर दी है और अब किसी अतिरिक्त जानकारी को अपडेट या भरना नहीं है, उन्हें भी इस प्रक्रिया से छूट नहीं मिलेगी।
ऐसे अभ्यर्थियों को भी निर्धारित अवधि में पोर्टल पर अनिवार्य रूप से लॉगिन करना होगा। उन्हें अपने विवरण की जांच करने के बाद ऑनलाइन आवेदन पत्र को अंतिम रूप से जमा करना होगा।
इसके बाद आवेदन पत्र का प्रिंट निकालना होगा। यह प्रिंट पीएसटी/पीईटी के समय जमा करना जरूरी होगा।