आईबीपीएस: चार अक्तूबर को होगी प्रोबेशनरी ऑफिसर की परीक्षा, मुश्किल सवालों पर कितना समय दें? जानें जरूरी टिप्स
आईबीपीएस प्रोबेशनरी ऑफिसर मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए समय का सही इस्तेमाल जरूरी है। उम्मीदवारों को कठिन सवालों में ज्यादा समय गंवाने के बजाय आसान प्रश्नों को पहले हल करने की रणनीति अपनानी चाहिए।
विस्तार
आईबीपीएस प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) की प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब अगली चुनौती मुख्य परीक्षा है। आईबीपीएस कैलेंडर के अनुसार पीओ/एमटी की मुख्य परीक्षा चार अक्तूबर, 2026 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए सीमित समय है। अब पढ़ाई का फोकस पूरे सिलेबस को नए सिरे से पूरा करने के बजाय रिवीजन, मॉक टेस्ट, कमजोर हिस्सों में सुधार और समय प्रबंधन पर रखें।
मॉक टेस्ट से बनाएं रणनीति
अब नियमित रूप से फुल-लेंथ मॉक टेस्ट देना शुरू करें। हालांकि हर दिन लगातार मॉक देने के बजाय एक मॉक के बाद उसके विश्लेषण को पर्याप्त समय दें। यह देखें कि किन प्रश्नों में अधिक समय लगा, कहां गणना या कॉन्सेप्ट की गलती हुई और किन सवालों को छोड़ना बेहतर होता। मॉक में कम स्कोर आने पर घबराने के बजाय गलतियों की सूची बनाकर दोबारा उनका अभ्यास करें। क्वांट और रीजनिंग के सवालों को हल करने का अधिक से अधिक अभ्यास करें, ताकि प्रश्नों को जल्दी समझने और कम समय में सटीक उत्तर देने की क्षमता बढ़े। लक्ष्य अधिक प्रश्न हल करना नहीं, बल्कि ऐसे प्रश्न चुनना होना चाहिए, जिनमें कम समय लगाकर अधिक अंक हासिल किए जा सकें। कुछ मॉक टेस्ट वास्तविक परीक्षा जैसी परिस्थितियों में दें, ताकि निर्धारित समय में सभी सेक्शन को संभालने की आदत बने।
करंट अफेअर्स पर विशेष फोकस
मुख्य परीक्षा में इकनॉमिक्स और बैंकिंग अवेयरनेस की तैयारी को नजरअंदाज न करें। पिछले कुछ महीनों के करंट अफेअर्स को नियमित रूप से दोहराएं। बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम, आरबीआई के प्रमुख निर्णय, सरकारी योजनाएं, अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रमुख आंकड़े, बैंकिंग से संबंधित शब्दावली और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के जरूरी तथ्यों पर ध्यान दें। अंतिम समय में बहुत ज्यादा नई सामग्री पढ़ने के बजाय अपने बनाए नोट्स, वन-लाइनर और पहले पढ़े गए करंट अफेअर्स का रिवीजन अधिक प्रभावी रहेगा।
समय-प्रबंधन पर दें ध्यान
रीजनिंग और डाटा एनालिसिस में कठिन प्रश्नों पर समय खर्च करने से बचें। पजल, सीटिंग अरेंजमेंट, लॉजिकल रीजनिंग और डीआई में पहले उन सेट को पहचानें, जिन्हें कम समय में हल किया जा सकता है। क्वांट में प्रतिशत, अनुपात, औसत, संख्या आधारित प्रश्न और डीआई आदि के महत्वपूर्ण तरीकों का अभ्यास करें। अंग्रेजी में रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, क्लॉज टेस्ट, पैराग्राफ आधारित प्रश्न, ग्रामर और शब्दावली पर ध्यान दें। मुख्य परीक्षा में सेक्शन के लिए अलग-अलग समय सीमा होती है, इसलिए प्रत्येक सेक्शन के लिए पहले से समय-प्रबंधन की योजना बनाना जरूरी है।
- मॉक टेस्ट के बाद गलतियों और समय लेने वाले प्रश्नों का विश्लेषण करें।
- करंट अफेअर्स और बैंकिंग अवेयरनेस का नियमित रिवीजन करें।
- डिस्क्रिप्टिव पेपर के लिए निबंध और कॉम्प्रिहेंशन लिखने का अभ्यास करें।
डिस्क्रिप्टिव पेपर को नजरअंदाज न करें
मुख्य परीक्षा में ऑब्जेक्टिव पेपर के साथ डिस्क्रिप्टिव पेपर भी होता है। इसमें निबंध और कॉम्प्रिहेंशन से जुड़े प्रश्न शामिल होते हैं तथा इसके लिए अलग समय निर्धारित रहता है। इसलिए बैंकिंग, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक घटनाओं जैसे विषयों पर सीमित शब्दों में स्पष्ट और व्यवस्थित लेखन का अभ्यास करें। लेखन में शुरुआत, मुख्य बिंदुओं और निष्कर्ष का संतुलन बनाए रखें। अब तैयारी में निरंतरता बनाए रखें और परीक्षा के दिन शांत दिमाग से अपनी रणनीति पर अमल करें।