{"_id":"6068479c8ebc3e59274e0fd7","slug":"travelling-without-a-mask-will-not-be-entertained-in-jharkhand-strictness-will-increase-after-sixth-of-april","type":"story","status":"publish","title_hn":"झारखंड: मास्क के बिना नहीं कर सकते यात्रा, टिकट का पैसा हो जाएगा बर्बाद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झारखंड: मास्क के बिना नहीं कर सकते यात्रा, टिकट का पैसा हो जाएगा बर्बाद
Sat, 03 Apr 2021 04:16 PM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Sat, 03 Apr 2021 04:16 PM IST
सार
देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर आई है, जिसके चलते संक्रमितों के मामले फिर से रफ्तार भर रहे हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना के 81 हजार से अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं, जो साल 2021 का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
देशभर में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 469 लोगों की जान चली गई है। घातक कोरोना वायरस की संक्रामकता को बढ़ता देख प्रदेश सरकारें कई नियम लागू कर रही हैं। साथ ही एयरपोर्ट, ट्रेन बस, बाजार में आपदा प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी कई नियम बनाए जा रहे हैं। झारखंड में नए नियम लागू किए गए हैं। इसके तहत अब राज्य में टिकट रहने पर भी मास्क नहीं पहनने वालों को यात्रा नहीं करने दी जाएगी।
विज्ञापन
जमशेदपुर रेलवे स्टेशन पर स्टील एक्सप्रेस के मास्क नहीं पहनने वाले यात्रियों को टिकट रखने के बावजूद यात्रा नहीं करने दिया गया। हालांकि, 80 फीसदी यात्री मास्क पहने मिले, शेष 20 में से 16 फीसदी ने जेब में मास्क रखा था। मास्क लेकर आने के बाद ही इन्हें प्रवेश मिला। मास्क ना पहनने वाले पांच यात्रियों को ट्रेन में प्रवेश नहीं दिया गया।
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन के अलावा एयरपोर्ट पर भी सख्ती दिखाई जा रही है। टिकट रहने, कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट होने के बावजूद मास्क नहीं पहनने पर यात्रियों को घर वापस भेजने का आदेश दिया जा चुका है। परिवहन सचिव ने सभी डीटीओ को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करके सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। मास्क नहीं पहनने वाले यात्रियों को यात्रा न करने देने का भी आदेश है। मास्क नहीं पहनने पर हवाई यात्रियों को एयरपोर्ट पर और रेल यात्रियों को स्टेशन पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
विज्ञापन
राज्य में कोरोना के संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में छह अप्रैल को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक बुलाई गई है। बैठक में मुख्य सचिव के साथ गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन के सचिव, स्वास्थ्य सचिव भी शामिल होंगे। इस दौरान राज्य में कोरोना के हालात और अनलॉक के तहत दी गई छूट पर कई फैसले लिए जा सकते हैं।
बता दें, राज्य में आए दिन 600 से अधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें से सबसे अधिक मामले राजधानी रांची में दर्ज किए गए हैं। ऐसे में यहां संक्रमण की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए सख्ती से कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जा रहा है।