फेसबुक कमेंट ने बोकारो में कराया बवाल, कर्फ्यू जैसे हालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के स्टील सिटी बोकारो में देवी देवताओं पर एक फेसबुक कमेंट बवाल की वजह बन गई। पोस्ट पर कमेंट से भड़के लोग सड़क पर उतर आए और आरोपी युवक को ढूंढ कर उसकी जमकर पिटाई की। लोगों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ उसे कमरे में बंद करके भी उससे मारपीट की गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हालात खराब होते देख पुलिस ने पूरे इलाके में फ्लैगमार्च किया।
जानकारी के अनुसार यह सारा हंगामा बोकारो जिले के बेरमो फुसरो इलाके में हुआ। असल में एक युवक ने फेसबुक की एक धार्मिक पोस्ट पर कुछ अभद्र टिप्पणी कर दी। इसका लोगों को दो दिन बाद पता चला जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने इसकी शिकायत बेरमो थाने में की।
पुलिस ने शिकायत के बाद भी नहीं की थी कार्रवाई
आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की, इस बात से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए और हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच उक्त युवक भी लोगों के हत्थे चढ़ गया, जिससे जमकर मारपीट की गई।
भीड़ उसे पीटते हुए एक घर में ले गई और उसे अंदर बंद करके फिर पिटाई की गई। इसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उसे छोड़ने की बात कही तो लोग भड़क उठे और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ना शुरू किया।
इससे भीड़ और भड़क गई और थाने में घुस गई। वहां खड़ी कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। हालात बेकाबू होते देख सभी थानों की फोर्स को मौके पर ही बुला लिया गया। जिसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। मामले में पुलिस ने 20 लोगों को हिरासत में लिया है।