{"_id":"6a048dd453a90be8f703ea3e","slug":"ranchi-girl-bhavya-ranjan-creates-history-becomes-national-topper-in-cbse-class-12-with-998-marks-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4277360-2026-05-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ranchi: रांची की बेटी ने किया कमाल! CBSE 12वीं में 99.8% अंक लाकर बनी देश की नंबर-1 टॉपर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ranchi: रांची की बेटी ने किया कमाल! CBSE 12वीं में 99.8% अंक लाकर बनी देश की नंबर-1 टॉपर
Thu, 14 May 2026 11:10 AM IST
राँची ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Thu, 14 May 2026 11:10 AM IST
सार
Ranchi: रांची की भव्या रंजन ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा भव्या ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और परिवार-शिक्षकों के सहयोग को दिया है। अब उनका सपना यूपीएससी कर देश सेवा करने का है।
विज्ञापन
सीबीएसई12 बोर्ड परीक्षा में नेशनल टॉपर भव्या रंजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रांची की बेटी भव्या रंजन ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। आर्ट्स संकाय की छात्रा भव्या रांची के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की विद्यार्थी हैं।
विज्ञापन
नियमित पढ़ाई और अनुशासन से हासिल की सफलता
परिणाम घोषित होने के बाद भव्या की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। भव्या रोजाना स्कूल जाती थीं और प्रतिदिन करीब आठ घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल के सहयोगी माहौल को दिया।
विज्ञापन
मां शिक्षिका और पिता व्यवसायी
भव्या की मां विकी गांधी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि पिता राजीव रंजन व्यवसायी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर दोनों भावुक नजर आए। मां ने बताया कि भव्या शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है और कक्षा एक से लेकर 12वीं तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आई है।
विज्ञापन
टॉपर बनने की नहीं थी उम्मीद
भव्या की मां ने कहा कि अच्छे अंकों की उम्मीद जरूर थी, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने की कल्पना नहीं की थी। वहीं पिता राजीव रंजन ने कहा कि बच्चों को सही माहौल और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: धनबाद में फूटा केंद्रीय मंत्री का गुस्सा! बोले- झारखंड सरकार के कारण अटका हजारों लोगों का पुनर्वास
यूपीएससी कर देश सेवा करना चाहती हैं भव्या
भव्या का सपना अब सिविल सर्विसेज में जाकर देश सेवा करने का है। उन्होंने बताया कि वह आगे यूपीएससी की तैयारी करेंगी। परिवार और शिक्षकों को भरोसा है कि 12वीं की तरह भव्या भविष्य में भी नई उपलब्धियों का इतिहास रचेंगी और देशभर में झारखंड का नाम रोशन करेंगी।