निशा भगत मौत मामला: बहन की मौत पर भाई ने उठाए गंभीर सवाल, बोले- राजनीतिक दबाव में गई जान, निष्पक्ष जांच हो
आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत पर परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। भाई राजकुमार भगत ने राजनीतिक दबाव में मौत की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पिता ने शासन-प्रशासन और माफिया पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
विस्तार
आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली नेत्री निशा भगत की संदेहास्पद परिस्थिति में हुई मौत के मामले में उनके छोटे भाई राजकुमार भगत ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत और वर्तमान में चाईबासा में पदस्थापित राजकुमार भगत ने अपनी बहन के निधन की सूचना मिलते ही तत्काल रांची स्थित रिम्स पहुंचे। उन्होंने अपनी बहन की मौत को पूरी तरह संदेहास्पद बताते हुए शासन और प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं, निशा के पिता हन्दू भगत ने कहा कि शासन-प्रशासन और माफिया उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
राजनीतिक दबाव के कारण जान जाने की आशंका
दरोगा राजकुमार भगत ने दूरभाष पर हुई बातचीत के दौरान कहा कि उनकी बहन निशा भगत किसी भी सूरत में आत्महत्या नहीं कर सकती थीं। उन्होंने अंदेशा जताया कि राजनीतिक दबाव के कारण ही उनकी बहन की जान गई है। दरोगा राजकुमार भगत के अनुसार निशा भगत पिछले कुछ समय से राजनीतिक दबाव के चलते अत्यधिक तनाव में रहती थीं। इसी वजह से उन्होंने पूरे मामले की बिना किसी पक्षपात के निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई है।
पिता ने जताई बड़ी साजिश की आशंका
निशा भगत की मौत के बाद उनका परिवार सदमे में है। घटना की सूचना सदर थाना पुलिस ने परिजनों को दी, जिसके बाद पिता हन्दू भगत और मां देविका भगत बदहवास होकर रांची चले गए। घर पर उनका बड़ा बेटा अभिषेक भगत मौजूद था। निशा के पिता हन्दू भगत ने बताया कि गुरुवार रात बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। शुक्रवार को लगातार कॉल करने पर भी जब जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी का अंदेशा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जन-संघर्ष के कारण शासन-प्रशासन और माफिया उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने मौत के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है। करीब चार महीने पहले पिठौरिया स्थित निशा के घर पर डकैती हुई थी, जिसमें अपराधी सीसीटीवी कैमरे और सामान ले गए थे। पिता का कहना है कि पिठौरिया थाना के अधिकारी अनिल कुमार दास से मदद न मिलने की बात निशा अक्सर बताती थीं।