झारखंड में बढ़ी ठिठुरन: लातेहार-गुमला में 7 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; पांच दिन बारिश के आसार नहीं
झारखंड में ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने लातेहार और गुमला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान जताया है। रांची में सुबह कोहरा छाएगा, जबकि अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
विस्तार
झारखंड में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के लातेहार और गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, राजधानी रांची में भी सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
लातेहार में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जिला आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को लातेहार और गुमला में पारा गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच सकता है। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और रामगढ़ में 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इसके अलावा हजारीबाग, रांची, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा और कोडरमा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। धनबाद में 13 डिग्री और जमशेदपुर में 14 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है। इससे पहले 27 नवंबर को डालटनगंज में 11.6 डिग्री, बोकारो थर्मल में 12.1 डिग्री, चाईबासा में 12.2 डिग्री और जमशेदपुर में 15.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
रांची में सुबह छाएगा कोहरा, दिन में साफ रहेगा आसमान
राजधानी रांची में शनिवार सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आने वाले दिनों में राजधानी के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और 30 नवंबर को 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पांच दिन तक शुष्क रहेगा मौसम, कोई चेतावनी नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची के अनुसार, 28 नवंबर से एक दिसंबर तक पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश, आंधी या अन्य प्रतिकूल मौसमी गतिविधियों की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए किसी भी जिले में विशेष चेतावनी भी जारी नहीं की है।
मौसम शुष्क रहने के बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। खासकर लातेहार, गुमला और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट से कनकनी बढ़ सकती है। ऐसे में सुबह और शाम यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
