{"_id":"6af971a19e2a68983203d057","slug":"jharkhand-8-year-old-boy-jumps-into-a-pond-to-save-his-drowning-sister-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"झारखंड: बहन को डूबता देख बचाने तालाब में कूदा 8 साल का भाई, दोनों मासूम भाई-बहन की डूबने से मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झारखंड: बहन को डूबता देख बचाने तालाब में कूदा 8 साल का भाई, दोनों मासूम भाई-बहन की डूबने से मौत
Sun, 15 Nov 2026 02:17 PM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Sun, 15 Nov 2026 02:17 PM IST
सार
जामताड़ा के आसनहरिया गांव में तालाब में डूबने से आठ वर्षीय अबान शेख और उसकी पांच वर्षीय बहन माहिरा खातून की मौत हो गई। छोटी बहन को बचाने के प्रयास में बड़ा भाई भी गहरे पानी में डूब गया।
विज्ञापन
सांकेतिक
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जामताड़ा जिले के आसनहरिया गांव में दुखद हादसे के दौरान घर के समीप स्थित तालाब में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आठ वर्षीय अबान शेख और उसकी पांच वर्षीय छोटी बहन माहिरा खातून के रूप में हुई है। खेलते समय छोटी बहन के पानी में गिर जाने के बाद बड़ा भाई उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गया था, लेकिन पानी गहरा होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए।
विज्ञापन
खेल-खेल में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम आठ वर्षीय अबान शेख और उसकी पांच वर्षीय बहन माहिरा खातून अपने घर के पास आसनहरिया मोड़ की ओर खेलने के लिए निकले थे। काफी देर तक जब दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में बच्चों की खोजबीन शुरू की। काफी समय तक तलाश करने के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
विज्ञापन
बहन को बचाने का प्रयास
काफी देर बाद परिजनों और ग्रामीणों को घर के पास स्थित तालाब में बच्चों के होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों के अनुसार, खेलते-खेलते सबसे पहले छोटी बहन माहिरा तालाब के पानी में गिर गई थी। बहन को डूबता देखकर उसका बड़ा भाई अबान बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गया। तालाब का पानी काफी गहरा था, जिसके कारण अबान खुद भी बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते दोनों भाई-बहन गहरे पानी में समा गए।
विज्ञापन
गांव में माहौल गमगीन
सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। तालाब से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद से आसनहरिया गांव का माहौल गमगीन है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।
