झारखंड: सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की फिर बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद रांची के हिलव्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत है। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
विस्तार
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की शुक्रवार को एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। रूपी सोरेन को तुरंत बरियातू स्थित हिलव्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के संचालक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश प्रिया ने उनके अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रूपी सोरेन को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। बताया गया कि वह कुछ ही दिन पहले हैदराबाद से इलाज कराकर रांची लौटी थीं। हैदराबाद में करीब एक सप्ताह तक उनका इलाज चला था। स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह परिवार के साथ रांची वापस आई थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉक्टरों की टीम के संपर्क में हैं और अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी लगातार ले रहे हैं।
इससे पहले राज्य सरकार में मंत्री रहे सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मुख्यमंत्री अपनी मां को लेकर हैदराबाद गए थे। वहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री समेत पूरा परिवार रांची लौट आया था।
ये भी पढ़ें- बिहार: भाजयुमो के जिला महामंत्री की गोली मारकर हत्या, बंद कमरे में मिला शव; सिर के पीछे से मारी गई थी गोली
गुरुवार को दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म से लौटने के बाद रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल अस्पताल की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।