काम की खबर: झारखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, इस दिन सभी बूथों पर लगेगा विशेष शिविर
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस विशेष अभियान का लाभ तीन श्रेणियों के पात्र नागरिक उठा सकेंगे। पहली श्रेणी में वैसे भारतीय नागरिक शामिल हैं, जिनका नाम किसी कारणवश अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत सूची में चिह्नित हो गया है।
विस्तार
झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र भारतीय नागरिकों को निर्वाचन विभाग एक और मौका देने जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस विशेष अभियान का लाभ तीन श्रेणियों के पात्र नागरिक उठा सकेंगे। पहली श्रेणी में वैसे भारतीय नागरिक शामिल हैं, जिनका नाम किसी कारणवश अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत श्रेणी में दर्ज कर दिया गया है। दूसरी श्रेणी में ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिन्हें दूसरी बार नोटिस जारी होने के बावजूद सुनवाई के लिए उपस्थित होने का अवसर नहीं मिल सका है। तीसरी श्रेणी में वे युवा शामिल हैं, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं।
निर्वाचन विभाग ने सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) से अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने का अनुरोध किया है। साथ ही यह सूची संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।
विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान के तहत केवल पात्र भारतीय नागरिक ही आवेदन कर सकेंगे। किसी विदेशी नागरिक या अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए योग्य नागरिकों को एक और अवसर देना है।
