Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   1,650 development projects worth ₹9,000 crore launched Soren says the goal is to make the state developed

झारखंड: 9 हजार करोड़ की 1,650 विकास योजनाओं की शुरुआत, हेमंत सोरेन बोले- 2050 तक राज्य को विकसित बनाना लक्ष्य

Sat, 28 Nov 2026 07:02 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: शबाहत हुसैन Updated Sat, 28 Nov 2026 07:02 PM IST
सार

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन पर रांची में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करीब 9 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने 2050 तक राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य दोहराया।

 

विज्ञापन
1,650 development projects worth ₹9,000 crore launched Soren says the goal is to make the state developed
हेमंत सोरेन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार के दूसरे वर्षगांठ पर शनिवार को रांची के खेलगांव में समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसमें शामिल हुए। इस अवसर पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये की 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है।

विज्ञापन

समारोह में 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड संघर्ष और कई उतार-चढ़ाव पार कर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। अलग राज्य के निर्माण के लिए भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन समेत कई लोगों ने संघर्ष, त्याग और बलिदान दिया। उन्होंने सभी को नमन करते हुए कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से स्वयं को झारखंड का नागरिक मानते हैं।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई अगुआ और मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं हैं। ऐसे में 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी और युवाओं के लिए संकल्प लेने का अवसर है। जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि हमारे जीवन का आधार हैं। इन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देना होगा। झारखंड ने खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन यहां के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार तथा विकास की दौड़ में पीछे रह गए। अब नई पीढ़ी को इस स्थिति को बदलने का संकल्प लेना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

जमीनी हकीकत को समझकर बनाई जा रही योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान हर जिले, पंचायत और गांव से आई महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया। सरकार स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि 11वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक परेशानी का सामना करने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई विभाग काम कर रहे हैं।

छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, स्कूलों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। अभिभावक निजी विद्यालयों से बच्चों का नामांकन हटाकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में कराने के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे विद्यार्थियों को भोजन की व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकेंगे।

50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड महिला सशक्तिकरण की दिशा में मिसाल कायम कर रहा है। सरकार महिलाओं को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी सभी को इस योजना का लाभ मिल रहा है। 50 लाख से अधिक परिवारों की महिलाओं तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि इस राशि से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं। इससे वे अपनी आजीविका अर्जित करने के साथ परिवार की आर्थिक मजबूती में भी योगदान दे रही हैं। सरकार राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है।

2050 तक झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देने का प्रयास किया गया है। वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है। खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के पास अपार संभावनाएं हैं। राज्य में संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है।

उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। कहा कि युवावर्ग ही समृद्ध झारखंड के निर्माण का आधार है। सरकार बच्चों और युवाओं को बेहतर दिशा देने के लिए लगातार सकारात्मक कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद बना है। यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है। अपने हक-अधिकार के लिए कानूनी और राजनीतिक संघर्ष करने में राज्य सक्षम है।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोग सम्मानित
समारोह में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया। विभिन्न जिलों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जेल में बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका 'द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025' का विमोचन किया गया। वहीं, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म 'अरण्य' का प्रदर्शन हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विशिष्ट अतिथियों ने समारोह स्थल के पास विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इन स्टॉलों पर विभागों की उपलब्धियों और गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया था।

समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा, ममता देवी, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed