Jharkhand: आजसू ने डुमरी उपचुनाव के लिए घोषित किया उम्मीदवार; अलग-अलग घटनाओं में डूबने से छह बच्चों की मौत
Jharkhand: आजसू पार्टी ने डुमरी विधानसभा सीट पर पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए यशोदा देवी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के प्रवक्ता देव शरण भगत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में उपचुनाव लड़ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजसू पार्टी ने डुमरी विधानसभा सीट पर पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए यशोदा देवी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के प्रवक्ता देव शरण भगत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में उपचुनाव लड़ रही है।
उन्होंने बताया कि रविवार को यहां हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में यशोदा देवी को इस सीट से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया गया। भगत ने कहा,'यशोदा देवी 17 अगस्त को राजग नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। राजग डुमरी विधानसभा सीट जीतकर रामगढ़ उपचुनाव का इतिहास दोहराएगा।'
प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी से मुलाकात की और डुमरी उपचुनाव पर चर्चा की। उपचुनाव पांच सितंबर को होगा और मतों की गिनती आठ सितंबर को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त है।
सत्तारूढ़ गठबंधन ने पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी और झामुमो उम्मीदवार बीबी देवी को उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है। वह 17 अगस्त को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
महतो का इस साल छह अप्रैल को चेन्नई के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया है। सोरेन सरकार पहले ही यशोदा देवी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे चुकी है। उन्होंने इस साल तीन जुलाई को मंत्री पद की शपथ ली थी। 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के महतो ने आजसू पार्टी की यशोदा देवी को 34,288 मतों के अंतर से हराया था।
डूबने से छह बच्चों की मौत
झारखंड में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पथरिया गांव में तालाब में डूबने से तीन लड़कियों और एक लड़के की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब चारों बच्चे तालाब में नहा रहे थे।
मृतकों की पहचान कुंदन कुमार (12 वर्षीय), तनुश्री (10 वर्षीय), सुजान कुमारी (12 वर्षीय) और नंदिनी कुमारी (10 वर्षीय) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वे पिंडरा के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के समय रेहान अंसारी और तौफीक अंसारी (दोनों आठ साल) धान के खेत में खेल रहे थे। गोड्डा के एसडीपीओ एस तिवारी ने कहा, वे अचानक गड्ढे में गिर गए और डूब गए।
रामगढ़ में आपसी झड़प में एक की मौत, दूसरा घायल
रामगढ़ जिले में भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़ के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) मोहम्मद जावेद हुसैन ने बताया कि मृतक की पहचान जानकी यादव (32 वर्षीय) के रूप में हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर कुमार रजक ने बताया कि इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि घायल की पहचान पवन यादव के रूप में हुई है और उसे रामगढ़ के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हुसैन ने बताया कि राजधानी रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर कुजूर थाना क्षेत्र के दिगवार गांव के पास उस समय झड़प शुरू हो गई जब करीब 40 लोगों के दो समूह राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक जमीन पर आग्नेयास्त्रों और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ उतरे।