झारखंड: साइबर ठगों पर बड़ा शिकंजा, फर्जी कस्टमर केयर और पीएम किसान के नाम पर ठगी करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार
देवघर में साइबर थाना पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी करने वाले 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 15 मोबाइल, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद हुआ है।
विस्तार
देवघर के साइबर थाना पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर और पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी करने वाले 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपितों के पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
फर्जी एपीके और कस्टमर केयर से ठगी
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ये साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करते थे। आरोपित खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, गूगल पर फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा, ये अपराधी एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे।
कार्ड दोबारा चालू कराने या सहायता देने के बहाने वे लोगों से संपर्क कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। वहीं, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर लोगों के मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। इस फाइल को डाउनलोड करवाते ही वे संबंधित मोबाइल का पूरा एक्सेस हासिल कर लेते थे और खाते से पैसे उड़ा देते थे।
पथरड्डा क्षेत्र में छापेमारी कर दबोचा
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। साइबर उप पुलिस अधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 18 सितंबर को पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों को चूना लगा रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पथरड्डा क्षेत्र से 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में पथरड्डा ओपी क्षेत्र के दुधवाजोरी गांव निवासी महेश राणा, लालूमोहन राणा, गौतम राणा और उत्तम राणा शामिल हैं। इसके अलावा, सारठ थाना क्षेत्र के बोचबांध गांव निवासी पाण्डव महतो, कैलाश दास और छलबली कुमार तथा सारवां थाना क्षेत्र के परसोडीह निवासी शुभम यादव, रंगामटिया निवासी कुन्दन कुमार दास और बसहाटांड़ निवासी मनुवर अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें- झारखंड: सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की फिर बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
चार आरोपितों का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि गिरफ्तार 10 आरोपितों में से चार पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनमें उत्तम राणा, कैलाश दास, कुन्दन कुमार दास और मनुवर अंसारी के खिलाफ पूर्व से साइबर थाने में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सभी 10 आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर शनिवार को उन्हें मंडल कारा भेज दिया गया।