देवघर हादसे के बाद रघुवर सरकार ने की बड़ी कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के ज्योर्तिलिंग धाम देवघर में हुए दर्दनाक हादसे में रघुवर सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपायुक्त और पुलिस एसपी को निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा क्षेत्रीय स्वास्थ्य निदेशक और सरकारी अस्पताल के सिविल सर्जन को भी निलंबित कर दिया गया है। माना जा रहा है मामले में रघुवर सरकार अभी और भी बड़ी कार्रवाई कर सकती है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार पुलिस प्रवक्ता एसएन प्रधान ने बताया कि मामले में शासन ने पुलिस अधीक्षक पी मुरुगन, जिले के डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार को मंदिर में आने वाली भीड़ की उचित व्यवस्था न करने और स्वास्थ्य निदेशक शिव शंकर प्रसाद और सिविल सर्जन दिवाकर कामत को देवघर को हादसे के बाद अस्पताल में खराब चिकित्सा सेवाओं के कारण निलंबित किया गया है।
क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन पर भी गिरी गाज
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को सावन के चलते वहां स्पेशल ड्यूटी पर तैनात किया गया था लेकिन जिस समय हादसा हुआ वो अनुपस्थित थे। सरकार ने चारों बड़े अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि सावन का सोमवार होने के कारण कल देवघर मंदिर में लाखों कावंडिए ज्योर्तिलिंग पर जल चढ़ाने पहुंचे थे। इसी बीच भगदड़ मचने के कारण 11 लोगों की जान चली गई। जबकि काफी शिवभक्त घायल हो गए थे। देवघर ज्योर्तिलिंग की गिनती शिव के 12 ज्योर्तिलिंगों में होती है।
हादसे के बाद प्रदेश की रघुवर सरकार विपक्षियों के निशाने पर आ गई है। खुद उनकी ही पार्टी के नेता राज्य सरकार उंगली उठा चुके हैं। मामले में प्रदेश सरकार ने जांच के लिए गृह सचिव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी है।
मृतकों के परिजनों को सरकार ने की थी दो लाख देने की घोषणा
वहीं मुख्यमंत्री ने मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार की मदद की घोषणा की थी। बताया जा रहा है कि भगदड़ मचने के कारण पुलिस का लाठीचार्ज भी था।
जिसके कारण शिवभक्तों में आपाधापी मची और दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी ओर निलंबित एसपी की जगह दुमका के एसपी विपुल शुक्ला को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। जबकि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राहुल पुरवार को देवघर का डीसी बनाया गया है।