Jharkhand: विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, राजनेताओं ने कुछ यूं दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड में दो चरणों में चुनाव की घोषणा करने के लिए हम चुनाव आयोग का धन्यवाद करते हैं। हमें विश्वास है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराएगा। कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि झारखंड में भी एक चरण में चुनाव हो सकता था।
विस्तार
झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने हैं। दोनों दलों के नेताओं ने चुनाव की तारीखों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड में दो चरणों में चुनाव की घोषणा करने के लिए हम चुनाव आयोग का धन्यवाद करते हैं। हमें विश्वास है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराएगा। भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है, पार्टी के कार्यकर्ता हमेशा समर्पण के साथ काम करते हैं, हमारी पार्टी का सड़क से संसद तक कार्यक्रम होता है। झारखंड सरकार पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुकी है और पूरे राज्य में राज्य सरकार के खिलाफ माहौल है, लोग चाहते हैं कि यह भ्रष्ट सरकार जाए।
भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने कहा कि चुनाव आयोग ने तारीख की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही मौजूदा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। युवाओं को ठगा गया है, महिलाओं को प्रलोभन दिया गया है। आम आदमी इनसे त्रस्त है। प्रदेश में माफियागिरी चल रही है, कोयला तस्करी चल रही है, घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
झामुमो की सांसद महुआ माजी ने कहा कि चुनावों की घोषणा एक महीने पहले ही कर दी गई। इससे कुछ काम जरूर बाधित होंगे, लेकिन हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं क्योंकि हमने शुरू से ही जनता के लिए काम किया है। जनता को पूरा भरोसा है कि यहां फिर से झामुमो और गठबंधन की सरकार बनेगी। वहीं कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव है। झारखंड में भी एक चरण में चुनाव हो सकता था। झारखंड में दो चरण में चुनाव करके हमारे हाथ पैर बांधने का काम किया है। कांग्रेस की तैयारी अच्छी है। 20 अक्तूबर तक गठबंधन की सीटों का बंटवारा हो जाना चाहिए। उसके बाद एक साथ कैंपेन पर काम शुरू किया जाएगा।
झारखंड के पूर्व कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा कि 2019 के चुनाव से एक महीने पहले 2024 में चुनाव हो रहे हैं। हम पूरी तरह से तैयार हैं। हम चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं लेकिन सभी चाहते थे कि कार्यकाल पूरा हो। अगर आपने ऐसा फैसला लेना था तो महाराष्ट्र और हरियाणा में एक साथ चुनाव करवा सकते थे क्योंकि उनकी नियत तिथि 3 नवंबर और 26 नवंबर थी। यहां तो पांच जनवरी थी, इसलिए इतनी जल्दी चुनाव करवाने की जरूरत नहीं थी। हमने जो काम किया है, उसके आधार पर हम लोगों के बीच जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हम चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हैं। हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। झारखंड के लोगों ने अपना मन बना लिया है और वे एक बार फिर यहां गठबंधन सरकार चुनेंगे। झारखंड सरकार में वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि हम चुनाव कार्यक्रम का स्वागत करते हैं। हम चुनाव का इंतजार कर रहे थे और इसकी घोषणा हो गई है। हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारी उपलब्धियां ही हमारा मुद्दा हैं। हमने पिछले चुनाव में जो वादे किए थे, जो संकल्प लिए थे उन्हें हमने पूरा किया है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि चुनाव आयोग ने झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराने का बहुत अच्छा फैसला लिया है। हमें पूरा भरोसा है कि इस चुनाव से झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की लूट और भ्रष्टाचार का अंत होगा। चुनाव आयोग की इस घोषणा से झारखंड मुक्ति मोर्चा को झटका लगा है। हम चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.