झारखंडः अंडे खाकर बीमार हो गए 100 बच्चे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के कोडरमा जिले के एक स्कूल में मिड डे मील खाने से एक साथ सौ बच्चे बीमार हो गए हैं। कोडरमा के एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने इस घटना की पुष्टि की है।
एसडीओ के मुताबिक बच्चों को खाने में उबले अंडे भी दिए गए थे और उन्हीं के कारण शायद बच्चे बीमार पड़े हैं। उनके मुताबिक एक साथ सौ बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए उन्हें सरकारी सदर अस्पताल के अलावा कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
एसडीओ का कहना है कि स्कूल से अंडे जब्त कर लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए मुख्यालय भेजा जा रहा है।
दिया जांच का आदेश
इस बीच कोडरमा के उपायुक्त छवि रंजन ने इस मामले में जांच की जिम्मेदारी एसडीओ के साथ जिला शिक्षा अधीक्षक को दी है। उन्होंने बताया है कि बीमार बच्चों के बेहतर इलाज के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
सदर अस्पताल की सिविल सर्जन ने जानकारी दी है कि बच्चों में फूड प्यॉजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। उन्होंने बताया है कि दोपहर के भोजन में बच्चों को चावल के साथ उबले हुए अंडे भी दिए गए थे। अंडे खाने के बाद बच्चों ने जी मचलने और पेट दर्द की शिकायत की।
इसके बाद कई बच्चों को उल्टी होने लगी। गौरतलब है कि झारखंड के सरकारी स्कूलों में हफ़्ते में तीन दिन बच्चों को खाने में अंडे देने का प्रावधान किया गया है। रात में कुछ बच्चों की स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें घर जाने दिया गया है जबकि अधिकतर बच्चे अभी भी अस्पताल में हैं। अस्पताल में इलाज को लेकर अफरा- तफरी भी मची रही।