जम्मू-कश्मीर: बारिश-बर्फबारी से 42 उड़ानें रद्द, कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा बाधित
प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर से लेकर कश्मीर तक पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश जारी है। आपात स्थिति को देखते हुए प्रदेश के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को बिना अनुमति के संबंधित स्टेशन न छोड़ने की हिदायत दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मौसम के बिगड़े मिजाज से हवाई सेवा बाधित होने के साथ जनजीवन प्रभावित हो गया है। बर्फबारी के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 42 उड़ानें रद्द की गईं। इसमें स्पाइस जेट, विस्तारा और इंडिगो की उड़ानें शामिल हैं। जम्मू एयरपोर्ट से श्रीनगर और लद्दाख जाने वाली आठ उड़ानें रद्द की गई हैं।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर जवाहर टनल पर बर्फबारी के कारण वैकल्पिक बनिहाल-काजीगुंड टनल से वाहनों को घाटी के लिए भेजा जा रहा है। जवाहर टनल पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को हाईवे क्लीयर करने के लिए लगाया गया है। कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा दिनभर बाधित रही।
प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर से लेकर कश्मीर तक पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश जारी है। आपात स्थिति को देखते हुए प्रदेश के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को बिना अनुमति के संबंधित स्टेशन न छोड़ने की हिदायत दी गई है। जवाहर टनल पर बर्फबारी के कारण फिसलन से एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोकी गई है, लेकिन नई बनी बनिहाल-काजीगुंड टनल से यातायात जारी है।
जवाहर टनल में चार से पांच इंच बर्फबारी
जवाहर टनल पर 4 से 5 इंच बर्फ गिरी है। यातायात विभाग ने लोगों से एनएच 44 जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही के लिए जम्मू, रामबन, श्रीनगर और पीसीआर से संबंधित हाईवे पर मौसम की पूर्व स्थिति के बारे में जानकारी लेकर ही सफर करने की हिदायत दी है। संबंधित मंडलायुक्त प्रशासन की ओर से कार्यालय वेबसाइट पर जरूरी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
नत्थाटॉप में डेढ़ फुट से अधिक बर्फबारी
पुंछ जिले के के साबजियां और पोशाना इलाके में बर्फबारी हुई है। पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में डेढ़ फुट से अधिक बर्फ गिरी है। जिला उधमपुर के चिनैनी क्षेत्र में पर्वतों में बर्फबारी के साथ मैदानों पर रुक-रुक कर बारिश जारी है। राजोरी जिले के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश जारी है। कठुआ में भी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ बारिश हुई है। जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। जम्मू जिला और सांबा में दिनभर बादलों के बीच रुक-रुक कर बारिश होती रही। श्रीनगर में भी दूसरे दिन बर्फबारी जारी रही। प्रदेश के अन्य जिलों में भी खराब मौसम के कारण तापमान में गिरावट आई है।
आठ जनवरी तक मध्यम से भारी बारिश के आसार
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार से घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। सोमवार देर रात श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग और पहलगाम के पर्यटक रिजार्ट सहित सभी प्रमुख शहरों में बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। बर्फबारी के कारण घाटी में रात में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग ने आठ जनवरी तक मध्यम से भारी हिमपात या बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी हिमपात की भी संभावना है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.2 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 0.6 डिग्री, कोकरनाग में माइनस 0.4 तथा कुपवाड़ा में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।