राजस्थान: ओमिक्रॉन के 52 और नए मामले आए सामने, राज्य में अब तक 121 लोग नए वैरिएंट से संक्रमित
राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को राज्य में ओमीक्रॉन के कुल 52 नए मामले आए जिनमें से जयपुर में 38, प्रतापगढ, सिरोही, बीकानेर में 3-3, जोधपुर में दो तथा अजमेर, सीकर एवं भीलवाडा में 1-1 मामलों की पुष्टि हुई है।
विस्तार
कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रान देश में तेजी से पांव पसार रहा है। राजस्थान में और 52 लोगों के कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में शनिवार तक कुल 121 लोगों के ओमीक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को राज्य में ओमीक्रॉन के कुल 52 नए मामले आए जिनमें से जयपुर में 38, प्रतापगढ, सिरोही, बीकानेर में 3-3, जोधपुर में दो तथा अजमेर, सीकर एवं भीलवाडा में 1-1 मामलों की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में शनिवार को ओमिक्रॉन से अलग कोरोना वायरस संक्रमण में 301 नए मामले सामने आए, जिनमें राजधानी जयपुर के 192, जोधपुर के 32, अलवर में 14, कोटा में 13, भीलवाडा में 9, और भरतपुर में 8 मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में कोविड-19 के 1,247 मरीज उपचाराधीन हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, ओमीक्रॉन से संक्रमित मरीजों में से नौ विदेश यात्रा से लौटे हैं, चार व्यक्ति विदेशी यात्रियों के संपर्क में आए थे जबकि 12 व्यक्ति दूसरे राज्यों की यात्रा से लौटे हैं। दो लोग ओमीक्रॉन से पहले संक्रमित लोगों के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इन सभी को आरयूएचएस अस्पताल के एक विशेष वार्ड में रखा जा रहा है। राज्य में आज तक 121 व्यक्ति कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन से संक्रमित हुए हैं। वहीं इस संक्रमण से 61 लोग स्वस्थ्य भी हो चुके हैं।