पालतू जानवरों से नहीं फैलता कोरोना वायरस, घबराने के बजाय इन बातों का ध्यान रखें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानवर से इंसान में आया कोरोना वायरस (Coronavirus) देश-दुनिया में तांडव मचा रहा है। लगातार हो रहीं मौतों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे महामारी (Pandemic) का नाम दे दिया। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह वायरस जानवरों से इंसान में आया लेकिन किस जानवर से इसका पता अभी नहीं लग पाया है। सामान्य तौर पर चमगादड़ और पैंगोलिन का नाम लिया जा रहा है।
कोरोना वायरस (Coronavirus) के फैलने के साथ इससे जुड़े मिथक भी खूब फैल रहे हैं। कभी कहा जा रहा है कि ये खतरनाक वायरस आपके जानवरों को भी संक्रमित कर सकता है। तो कभी कहा जा रहा है जानवरों के द्वारा ये वायरस आपके शरीर में प्रवेश कर सकता है। यहां हम आपको ऐसे ही कुछ सवालों के बारे में बता रहे हैं। इनके जवाब जानना बेहद जरूरी है। इसके जरिए आप खुद के साथ अपने पालतू जानवर का भी बचाव कर सकते हैं। ये जवाब वर्ल्ड एनिमल हैल्थ ऑर्गनाइजेशन ने जारी किए हैं।
सवाल- क्या हमें अपने पालतू जानवरों से Covid 19 के संक्रमण का खतरा है?
जवाब- नहीं। अभी तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नही आया है कि कोरोना वायरस का संक्रमण जानवरों से इंसानों में हो सकता है। इस बात के भी बहुत कम प्रमाण हैं कि कुत्ते और बिल्ली भी इस बीमारी से ग्रसित हो सकते हैं। यह संक्रमण इंसान से इंसान में होता है।
सवाल- पालतू जानवर के किसी कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने के बाद क्या करना चाहिए?
जवाब- अगर आपका पालतू जानकर किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आ गया है तो आपको अपने पूरे परिवार सहित सेल्फ क्वारंटीन कर लेना चाहिए और सरकार को इसकी सूचना देनी चाहिए। अपने पालतू जानवर को अच्छे शैम्पू और पानी से नहलाइए और साफ सफाई का पालन कीजिए। अपने हाथ बार-बार धोते रहिए तथा घर में मौजूद चीजों को भी सैनिटाइज करते रहिए।
सवाल- COVID-19 महामारी के दौरान सड़क पर रहने वाले जानवरों के साथ संपर्क रखना सुरक्षित है?
जवाब- इस महामारी से बचने का पहला उपाय है आप जहां तक हो सके अपने घर में ही रहें और बाहर तभी निकलें जब आवश्यक हो। अगर कोई जानवर खाने पीने के लिए आप पर निर्भर है तो आप उसके लिए खाना पाना एक सुनिश्चित जगह पर रख दें। सीधे संपर्क में आने से बचें।
सवाल- क्या हम अपने पालतू जानवरों का बाहर घुमा सकते हैं?
जवाब- हम यही सलाह देंगे कि इस मुश्किल समय में जितना कम हो सके घर से निकलें। और अगर फिर भी आप अपने पालतू जानवर को बाहर घुमा रहे हैं तो कम देर के लिए ही घुमाएं। पालतू जानवरों के साथ खेलने के लिए बाहर न निकलें। घुमाने के बाद अपने जानवर के पंजों को ठीक से सैनिटाइज करें। बाद में इसे अच्छी तरह से धोएं।
बरतें ये सावधानी
CDC का सुझाव है कि अगर कोई व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित है तो उसे अपने पालतू जानवरों से सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए। अपने पालतू जानवरों को छूने से पहले और बाद में या फिर उनका मल छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना चाहिए। अगर आपमें खांसी जुकाम जैसे कोई लक्षण हैं तो आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। CDC के मुताबिक फिलहाल ये जानने के लिए अभी अध्ययन किया जाना है कि क्या और कैसे विभिन्न जानवर COVID- 19 से प्रभावित हो सकते हैं।