{"_id":"5b3f04364f1c1bc2248b4cba","slug":"when-asked-about-the-mob-lynching-biplab-deb-said-look-at-my-face-i-am-so-happy","type":"story","status":"publish","title_hn":"मॉब लिंचिंग के सवाल पर सीएम बिप्लब देब बोले- 'मेरा चेहरा देखिए, मैं बहुत खुश हूं'","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
मॉब लिंचिंग के सवाल पर सीएम बिप्लब देब बोले- 'मेरा चेहरा देखिए, मैं बहुत खुश हूं'
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अगरतला
Updated Fri, 06 Jul 2018 11:28 AM IST
विज्ञापन
बिप्लब देब
एक तरफ जहां देशभर में उग्र भीड़ (मॉब लिंचिंग) ने विभिन्न राज्यों में 27 लोगों की जान ले ली है। जिसके बाद हरकत में आई केन्द्र सरकार ने व्हाट्सऐप को नोटिस भेजा है और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। वहीं दूसरी तरफ त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब बहुत खुश हैं। जब उनसे एक पत्रकार ने मॉब लिंचिंग को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया जिस पर विवाद खड़ा हो सकता है।
विज्ञापन
सीएम देब से जब राज्य में घटित हुई हिंसक घटनाओं के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'त्रिपुरा में इस समय खुशी की लहर चल रही है और आपको भी उसका आनंद उठाना चाहिए। आपको भी खुश रहना चाहिए। मेरे चेहरे की तरफ देखिए मैं बहुत खुश हूं।' बता दें कि पिछले आठ दिनों में त्रिपुरा के अंदर तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सभी को भीड़ ने बच्चा चोरी के शक में पीट-पीटकर मार दिया था।
विज्ञापन
सरकार द्वारा अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए काम पर रखी गईं महिला पर भीड़ ने 28 जून को उस समय हमला कर दिया जब वह कलाचेरा में अभियान चला रही थीं। उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी को भी उसी दिन पश्चिमी त्रिपुरा जिले में बच्चों के अपहरणकर्ता के शक में मार दिया गया था। एक और महिला जिसकी पहचान नहीं हो पाई है उसे भी बच्चा चोरी के शक में सोपाहिजाला जिले के बिशलगढ़ में मौत के घाट उतार दिया गया था।
विज्ञापन
हालांकि त्रिपुरा सरकार ने बाद में दावा किया कि मुख्यमंत्री की बातों को गलत समझा गया। गुरुवार शाम को जारी किए गए बयान में कहा गया कि देब ने वह बातें अगरतला के एयरपोर्ट का नाम बदलने के मौके पर कहीं थीं। अगरतला के एयरपोर्ट का नाम आखिरी राजा के नाम पर महाराजा बीर बिक्रम माणिक्य किशोर एयरपोर्ट कर दिया गया है। सूचना और सांस्कृतिक निदेशालय ने बयान में कहा कि दुर्भाग्य से मुख्यमंत्री के बयान को गलत तरीके से उग्र भीड़ द्वारा की गई हत्या से जोड़ दिया गया। जो उन्होंने एयरपोर्ट का नाम बदले जाने के मौके पर कही थीं।
वैसे आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब 48 साल के मुख्यमंत्री ने अपने बयानों की सुर्खियां बटोरी हैं। इससे पहले उन्होंने महाभारत काल में इंटरनेट और सैटेलाइट होने का दावा कर सुर्खियों में आए थे। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड डायना हेडन को लेकर कहा था कि वह भारतीय सुंदरी नहीं हैं। डायना हेडन की जीत पहले से ही फिक्स थी। हेडन भारतीय महिलाओं की सुंदरता की नुमाइंदगी नहीं करतीं। हालांकि अपने बयान के लिए उन्होंने बाद में माफी मांगी। इसके बाद उन्होंने बेरोजगार युवाओं को पान की दुकान खोलने और गाय पालने की नसीहत दी थी।