बंगाल में कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा, 13 की मौत, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दुख जताया, मुआवजे की घोषणा
पश्चिम बंगाल में कोहरे के कारण मंगलवार देर रात जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी शहर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सड़क हादसे में मौतों पर बुधवार को शोक जताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में कहा गया, ''पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के धुपगुड़ी में सड़क हादसे की घटना बहुत ही दुखद हैं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी।
The road accident in Dhupguri in Jalpaiguri (West Bengal) is extremely anguishing. In this time of sadness, prayers with the bereaved families. May the injured recover soon: PM @narendramodi
विज्ञापन विज्ञापन— PMO India (@PMOIndia) January 20, 2021
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, 'पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी में सड़क हादसे में हुई मौतों की जानकारी से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।' उन्होंने कहा, 'मैं इस हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी में यह सड़क हादसा मंगलवार रात उस वक्त हुआ, जब बारातियों को ले जा रहे तीन वाहनों और पत्थर लदे एक ट्रक में टक्कर हो गई। इसमें चार बच्चों सहित 13 बारातियों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक बारातियों की कार सड़क पर गलत दिशा से धुपगुड़ी की ओर जा रही थीं और घने कोहरे की वजह से यह टक्कर हुई। इस घटना की सूचना के बाद तत्काल पुलिस और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया।अंदेशा जताया जा रहा है कि इस घटना में मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
West Bengal: 13 people died in an accident in Dhupguri city of Jalpaiguri district last night, due to reduced visibility caused due to fog. The injured were taken to a hospital. pic.twitter.com/HHUvqCist6
— ANI (@ANI) January 20, 2021
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बोल्डर से लदा ट्रक, एक दूसरे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही टाटा मैजिक, मारुति वैन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक के कई पत्थर दूसरी गाड़ियों पर गिर गए। इस मामले में ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है।