West Bengal: तीसरी बार भी बेटी हुई तो माता-पिता ने पटककर मार डाला, गिरफ्तार
West Bengal: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां तीसरी बार भी जब बेटी ने जन्म लिया तो माता-पिता ने उसे पटक-पटककर मार डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक तरफ जहां देश में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा बुलंद किया जा है, वहीं पश्चिम बंगाल से एक शर्मसार करने वाली खबर आ रही है। मुर्शिदाबाद जिले में एक मासूम बच्ची को माता-पिता ने इसलिए मार डाला, क्योंकि वह उनकी तीसरी बेटी के रूप में पैदा हुई थी। बच्ची के दादा की शिकायत पर पुलिस ने माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
यह घटना बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल के भातशाला इलाके में की है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के दादा दबीर शेख ने अपने बेटे रिंटू शेख व बहू बेलूआरा बीबी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों ने मिलकर उनकी पोती की हत्या कर दी। दबीर ने बताया कि तीसरी बार भी बेटी के जन्म लेने पर उसके बेटे रिंटू शेख व बहू बेलूआरा बीबी नाखुश थे। उन्होंने रविवार को बच्ची को कई बार फर्श और दीवार पर पटक कर मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रिंटू शेख केरल में मजदूरी करता है। वह एक सप्ताह पहले ही घर लौटा था। फिर से बेटी को जन्म देने के लिए वह लगातार पत्नी को कोस रहा था। दादा दबीर शेख के मुताबिक रविवार को उनकी पोती का खून से लथपथ शव घर से बरामद हुआ। संदेह के आधार पर उन्होंने बेटे-बहू के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
इस बीच, पुलिस सूत्रों से पता चला है कि सख्ताई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। बेलूआरा ने बताया कि उनकी पहले से दो बेटियां हैं। उनके पति इस बार बेटा चाहते थे। इस बार भी बेटी का जन्म हुआ। उस समय वे केरल में थे। दबाव में उसने इस जघन्य कृत्य में अपने पति का साथ दिया। फर्श पर पटककर उन्होंने अपनी बेटी की हत्या की। इस नृशंस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। वे हत्यारे दंपती को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।