Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weather update Kashmir Temperature Drops Below Zero Fog Alert in Punjab Haryana Delhi Cyclone Akvan Weakens

मौसम: कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा पारा, पंजाब-हरियाणा-दिल्ली में कोहरे का अलर्ट; कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान

Thu, 19 Nov 2026 04:12 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Thu, 19 Nov 2026 04:12 AM IST
सार

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद गुलमर्ग और पहलगाम का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 19 से 21 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट है। ऊटी में भी नवंबर में पहली बार पाला पड़ा है। उधर, कमजोर हुआ चक्रवात अकवान 20 नवंबर को आंध्र-ओडिशा तट के बीच टकरा सकता है। आखिर आने वाले दिनों में मौसम की चुनौतियां कितनी बढ़ेंगी? आइए, विस्तार से मौसम के हाल को जानते हैं...

विज्ञापन
Weather update Kashmir Temperature Drops Below Zero Fog Alert in Punjab Haryana Delhi Cyclone Akvan Weakens
मौसम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। गुलमर्ग, पहलगाम और कुपवाड़ा में ठंड बढ़ गई है, जबकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान कमजोर पड़ने के बाद भी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को तट पार करने की आशंका है।

विज्ञापन


पहाड़ों में बर्फबारी के बाद क्यों बढ़ी ठंड?
जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हालिया बर्फबारी के बाद रात के तापमान में गिरावट आई है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, बारामुला और कुपवाड़ा सहित घाटी के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद के अनुसार, पिछले दो दिनों से बर्फबारी थमी हुई है और मौसम साफ बना हुआ है। इसके बावजूद रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। जम्मू में भी सुबह और शाम ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, यहां दिन का तापमान अभी 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 19 से 21 नवंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। इससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन


किन शहरों में कितना गिरा तापमान?
पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान कई जगह शून्य से नीचे पहुंच गया है। गुलमर्ग और पहलगाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आइए, जानते हैं कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों का न्यूनतम तापमान किस प्रकार रहा...

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में 0, गुलमर्ग में माइनस 1.8, पहलगाम में माइनस 2.8 और कुपवाड़ा में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस।
हिमाचल प्रदेश: मनाली में 2.8 और शिमला में 7.6 डिग्री सेल्सियस।
उत्तराखंड: नैनीताल में 7.3 और देहरादून में 9.9 डिग्री सेल्सियस।

ऊटी में नवंबर में ही क्यों पड़ा पाला?
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में भी ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। ऊटी और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके साथ ही इस मौसम का पहला पाला पड़ा। तापमान गिरने से ऊटी झील के निचले हिस्से, थलैकंधा, खंडल और रेस कोर्स ग्राउंड में घास और पेड़-पौधों पर जमी ओस की बूंदें बर्फ में बदल गईं। नीलगिरि में आमतौर पर दिसंबर और जनवरी में पाला पड़ता है, लेकिन इस बार नवंबर में ही ऐसा देखने को मिला है।


कमजोर पड़ने के बाद किस ओर बढ़ा चक्रवात अकवान?
बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान अकवान अब कमजोर पड़ गया है और उसने अपनी दिशा भी बदल ली है। अब इसके 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट पार करने की संभावना है। तट से टकराते समय हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इससे पहले मौसम विभाग ने इसके आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने का अनुमान जताया था। उस समय हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका थी।

किन इलाकों के लिए जारी हुआ अलर्ट?
चक्रवात को देखते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अकवान के कमजोर पड़ने के बावजूद तट पार करते समय तेज हवाएं चलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की जरूरत है। वहीं, उत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाने का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में रात की ठंड बढ़ने और मैदानी क्षेत्रों में सुबह दृश्यता कम होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed