एम्स में इलाज, अस्पताल में देखभाल: मरीजों के लिए बनेगा डिजिटल रेफरल नेटवर्क, एक क्लिक पर मिलेगी इलाज की सुविधा
दिल्ली एम्स ने देशभर के अस्पतालों को डिजिटल रेफरल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव दिया है। इससे जिला अस्पताल से ही मरीज को एम्स भेजने, इलाज का समय लेने और मेडिकल रिकॉर्ड साझा करने की सुविधा मिल सकती है। इलाज के बाद मरीज की देखभाल नजदीकी अस्पताल में होगी। लेकिन क्या इससे एम्स में भर्ती होने की परेशानी कम होगी? मरीजों को इस नई व्यवस्था से कितनी राहत मिलेगी? आइए, विस्तार से समझते हैं...
विस्तार
गंभीर बीमारी होने पर मरीजों और उनके परिवारों को अक्सर इलाज के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज और फिर एम्स तक दौड़ लगानी पड़ती है। बड़े अस्पताल में भर्ती होने, डॉक्टर से मिलने और बेड की जानकारी जुटाने में भी काफी समय और परेशानी होती है। अब इस व्यवस्था को बदलने की तैयारी है। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने देशभर के सरकारी अस्पतालों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत मरीज का रेफरल, मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और इलाज से जुड़ी जानकारी एक ही पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेगी। यानी मरीज को जिला अस्पताल से ही एम्स या दूसरे बड़े अस्पताल में इलाज के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. निखिल टंडन ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सामने यह प्रस्ताव रखा है।
क्या है हब-एंड-स्पोक मॉडल और इससे कौन-कौन से अस्पताल जुड़ेंगे?
इस प्रस्ताव को हब-एंड-स्पोक व्यवस्था नाम दिया गया है। इसमें दिल्ली एम्स राष्ट्रीय केंद्र यानी मुख्य हब की भूमिका निभाएगा। देश के दूसरे एम्स क्षेत्रीय केंद्र के रूप में काम करेंगे। इनके साथ राज्यों के मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल जोड़े जाएंगे। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी इस नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि मरीज को जिस स्तर के इलाज की जरूरत है, उसे उसी हिसाब से सही अस्पताल तक पहुंचाया जा सके। उदाहरण के लिए, किसी जिला अस्पताल में मरीज की बीमारी का इलाज संभव नहीं है तो वहां के डॉक्टर डिजिटल पोर्टल के माध्यम से उसे मेडिकल कॉलेज या एम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। इससे मरीज को खुद अस्पतालों के चक्कर लगाकर रेफरल की व्यवस्था करने की जरूरत कम होगी।
रेफरल से लेकर डॉक्टर की सलाह और बेड तक की जानकारी कैसे मिलेगी?
प्रस्ताव के तहत एक साझा डिजिटल रेफरल पोर्टल बनाया जाएगा। मरीज को जिस अस्पताल में भेजना है, वहां उसकी बीमारी, स्वास्थ्य की गंभीरता और मेडिकल रिकॉर्ड की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके बाद संबंधित एम्स या मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर मरीज की रिपोर्ट देखकर तय कर सकेंगे कि उसे किस तरह के इलाज की जरूरत है और आगे की प्रक्रिया क्या होगी। पोर्टल पर इलाज के लिए समय यानी स्लॉट बुक करने की सुविधा भी होगी। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर मरीज और उसके परिजन विश्राम सदन में ठहरने की बुकिंग भी कर सकेंगे। अभी कई बार मरीजों को रेफरल, डॉक्टर से मिलने और ठहरने की व्यवस्था के लिए बड़े अस्पतालों के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। डिजिटल व्यवस्था लागू होने पर ये काम पहले से ऑनलाइन किए जा सकेंगे। इससे मरीजों और उनके परिवारों का समय और मेहनत दोनों बच सकते हैं।
मरीजों को इस डिजिटल नेटवर्क से क्या बड़े फायदे मिल सकते हैं?
- जिला अस्पताल से ही मरीज को एम्स या मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
- मरीज की बीमारी, जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड संबंधित अस्पताल तक ऑनलाइन पहुंच सकेंगे।
- इलाज के लिए समय और विश्राम सदन की बुकिंग पोर्टल के जरिए की जा सकेगी।
- विशेषज्ञ इलाज के बाद मरीज को नियमित देखभाल के लिए उसके नजदीकी जिला अस्पताल भेजा जा सकेगा।
- मरीज की सहमति से आभा आईडी के जरिए डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा किया जा सकेगा।
- बार-बार जांच कराने और बड़े शहरों की यात्रा करने की जरूरत कम हो सकती है।
- बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव घटाने और जिला अस्पतालों में नियमित देखभाल बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
इलाज के बाद मरीज को जिला अस्पताल क्यों भेजा जाएगा?
इस मॉडल का मकसद सिर्फ मरीज को छोटे अस्पताल से बड़े अस्पताल तक पहुंचाना नहीं है, बल्कि इलाज के बाद उसे फिर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ना भी है। एम्स या मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद जिन मरीजों की हालत स्थिर हो जाएगी, उन्हें आगे की देखभाल के लिए उनके जिले के अस्पताल या मेडिकल कॉलेज भेजा जा सकेगा। वहां उनकी नियमित जांच और फॉलोअप होगा। इससे मरीजों को हर छोटी जांच, दवा या नियमित परामर्श के लिए बार-बार बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। हालांकि, जिन मरीजों को ऐसी जांच या इलाज की जरूरत होगी, जो जिला अस्पताल में उपलब्ध नहीं है, उन्हें दोबारा उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जा सकेगा। इससे बड़े अस्पतालों पर लगातार बढ़ने वाला मरीजों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
मरीज की जांच रिपोर्ट और पुराना इलाज डॉक्टर तक कैसे पहुंचेगा?
इस व्यवस्था में मरीज का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड आभा आईडी से जोड़ने का प्रस्ताव है। मरीज की सहमति मिलने पर उसकी जांच रिपोर्ट, स्कैन, बीमारी का ब्योरा और पहले किए गए इलाज की जानकारी संबंधित अस्पताल को उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे नए अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टर को मरीज की पुरानी बीमारी और जांचों की जानकारी मिल सकेगी। एक ही जांच बार-बार कराने की जरूरत भी कम हो सकती है। एम्स से छुट्टी मिलने के बाद मरीज के इलाज और आगे की देखभाल से जुड़ी जानकारी उसके डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड में भेजने का प्रस्ताव है। इससे जिस जिला अस्पताल या डॉक्टर ने मरीज को एम्स रेफर किया था, वह भी आगे की जानकारी देख सकेगा। इस तरह मरीज के इलाज का रिकॉर्ड अलग-अलग अस्पतालों में बिखरने के बजाय एक डिजिटल व्यवस्था में उपलब्ध हो सकेगा।
क्या इस व्यवस्था का परीक्षण शुरू हो चुका है?
दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. निखिल टंडन के अनुसार, इंटर-एम्स रेफरल पोर्टल विकसित किया जा चुका है। इसे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शुरू किया था और फिलहाल इसका पायलट प्रोजेक्ट एम्स बिलासपुर में चल रहा है। इस पोर्टल में रेफरल की स्वचालित प्रक्रिया, इलाज के लिए स्लॉट बुकिंग और विश्राम सदन की बुकिंग जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। पायलट के जरिए इस व्यवस्था को परखा जा रहा है। प्रस्ताव का व्यापक उद्देश्य देश के अलग-अलग स्तर के सरकारी अस्पतालों को एक-दूसरे से जोड़ना है, ताकि मरीज को इलाज के लिए सही जगह तक पहुंचने में परेशानी न हो। हालांकि, पूरे देश में इसे किस समय और किस तरह लागू किया जाएगा, इसकी जानकारी दिए गए प्रस्ताव में नहीं है।
