मौसम का हाल: आठ जुलाई से मानसून के फिर लौटने की उम्मीद, उत्तर भारत में गर्मी
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम राजीवन ने रविवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून एक विराम के बाद एक बार फिर सक्रिय चरण में जाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पूर्वानुमान मॉडल के संकेत दर्शाते हैं कि आठ जुलाई से बारिश संबंधी गतिविधियां तेज होंगी। उधर बंगलूरू के कई हिस्सों में आज भारी बारिश हुई। राजीवन ने कहा कि प्रारूपों में बंगाल की खाड़ी में मौसम तंत्र बनने का संकेत है। उधर, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रविवार का दिन काफी गर्म रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करीब तीन दशक से दक्षिण-पश्चिम मानसून पर अनुसंधान कर रहे राजीवन ने ट्वीट किया, 'मानसून अपडेट : भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के प्रारूप आठ जुलाई से दक्षिण, पश्चिम तटीय और पूर्व मध्य भारत में बारिश संबंधी गतिविधियों की वापसी, वृद्धि का संकेत देते हैं। प्रारूप 12 जुलाई को बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौसम तंत्र बनने और उसके बाद सक्रिय मानसून चरण के शुरुआती संकेत भी दे रहे हैं।'
जून के शुरुआती ढाई हफ्तों में बारिश के अच्छे दौर के बाद 19 जून से दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे नहीं बढ़ा है। दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में अब तक मानसून नहीं पहुंचा है। वहीं, इस सवाल पर कि दिल्ली समेत बाकी हिस्सों में मानसून के कब तक पहुंचने की उम्मीद है, उन्होंने कहा कि इन इलाकों में मानसून 11 जुलाई के आसपास तक पहुंच सकता है।
इस महीने देशभर में होगी अच्छी बारिश
जुलाई के लिए अपने पूर्वानुमान में मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि कुल मिलाकर इस महीने देशभर में अच्छी बारिश होगी। हालांकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों, दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य और सामान्य से कम श्रेणी की बारिश देखने को मिल सकती है। विभाग ने कहा कि मौसम तंत्र के अभाव में सात जुलाई तक मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रविवार का दिन काफी गर्म रहा। वहीं, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के छिटपुट इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं हवा में नमी का स्तर 68 फीसदी दर्ज किया गया। विभाग ने कहा कि दिल्ली में सोमवार को गरज और बिजली चमकने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 27 और 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
चंडीगढ़ में मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में तापमान सामान्य सीमा के मुकाबले दो डिग्री अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि नारनौल और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमश: 40.5 और 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करनाल का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 37 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल के इस समय के सामान्य से चार डिग्री अधिक है। अमृतसर में अधिकतम तापमान दो डिग्री अधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के छिटपुट हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं। फतेहगढ़ वेधशाला ने अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो राज्य में सबसे अधिक था। बहराइच, सोनभद्र, ललितपुर, शाहजहांपुर, गाजीपुर और महराजगंज में बारिश दर्ज की गई। लखनऊ में मौसम विभाग ने छह जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और राज्य के पश्चिमी हिस्से में छिटपुट स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत कुछ जगहों पर दिन में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, चुरू, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, जयपुर और वनस्थली में सुबह से 11 मिमी, 10.5 मिमी, 3 मिमी, 2.7 मिमी और 0.1 मिमी बारिश हुई। राज्य में पिलानी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके बाद श्रीगंगानगर में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
उत्तर और दक्षिण कर्नाटक में यलो अलर्ट
वहीं, कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के कई हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हुई और आने वाले दिनों में भी यहां बारिश जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग बंगलूरू के सीएस पाटिल ने कहा कि इसके चलते उत्तर और दक्षिण कर्नाटक में सात और आठ जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सीएस पाटिल ने आगे कहा कि अगले दो दिन में बंगलूरू में गरज के साथ बारिश देखने को मिलेगी।
#WATCH | Several parts of Bengaluru receive heavy rainfall
— ANI (@ANI) July 4, 2021
"Yellow alert in North & South Karnataka on July 7-8. Bengaluru likely to experience rain & thundershower in the next two days," said CS Patil, Director, IMD Bengaluru pic.twitter.com/lH4QHZ8oah