Weather Report: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, इन राज्यों में भारी बारिश के आसार, जानें मौसम का ताजा हाल
लगातार हो रही बारिश दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। दरअसल इस बारिश की वजह से यमुना नदी आज तीसरे दिन भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यहां बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
विस्तार
दिल्ली की यमुना नदी आज तीसरे दिन भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके चलते अब बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इस बीच प्रशासन ने निचले इलाकों में लोगों को निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उफनती यमुना आज दिल्ली में खतरे के निशान 205 मीटर से अधिक ऊपर बह रही है। इन सब के बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में होने वाली बारिश लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। आइए जानतें हैं आज के मौसम का ताजा हाल...
ओडिशा में बारिश के लिए रेड अलर्ट
ओडिशा में आज भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से यहां एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। आज यहां के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई हैं। इसके अलावा बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आज मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और आज का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में है आज हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के दिन भी बारिश के आसार हैं।