रक्षा मंत्री ने की नई रक्षा खरीद नीति की घोषणा
- गोआ डिफेंस एक्सपो में परिकर ने नई नीति को मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने वाला बताया
- बोले, भारतीय नागरिक होने के नाते की जाएगी जाधव की मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने सोमवार को बहुप्रतीक्षित नई रक्षा खरीद नीति की घोषणा की। इस नई नीति में ‘मेक इन इंडिया’ पर जोर दिया गया है। परिकर ने उम्मीद जताई कि हम इस क्षेत्र में अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ ही बड़े निर्यातक बन कर उभरेंगे।
संभव है कि हम भविष्य में स्वदेशी तकनीक से विकसित ब्रम्होस, आकाश और छोटी मिसाइल तेजस की तकनीक भी निर्यात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नई नीति से खरीद प्रक्रिया पारदर्शी होगी। दक्षिणी गोवा में आयोजित चार दिवसीय रक्षा प्रदर्शनी- नौवें डिफेंस एक्सपो इंडिया का उद्घाटन करते हुए परिकर ने कहा कि नई रक्षा खरीद नीति (डीपीपी) से ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा मिलेगा। परिकर ने कहा कि मौजूदा समय में दो हजार करोड़ के रक्षा उपकरण निर्यात किए जा रहे हैं, जो हमारे कुल उत्पादन का 10 फीसदी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मेक इन इंडिया के तहत निर्यात का दायरा पांच हजार करोड़ तक बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई डीपीपी को अभी रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है और आगामी 15 दिन में इसकी प्रतियां उपलब्ध करा दी जाएंगी। परिकर ने कहा कि नई नीति में एक नई ‘भारतीय डिजाइन, निर्माण और विनिर्मित (आईडीडीएम)’ श्रेणी पेश की गई है। इससे स्थानीय रक्षा इकाइयों को लाभ होगा। मंत्री ने यह भी कहा कि रक्षा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा को बढ़ाकर 49 फीसदी किया गया है।
कुलभूषण जाधव की सभी जरूरी सहायता की जाएगी : परिकर
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने सोमवार को कहा कि पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव की हर संभव मदद के लिए विदेश मंत्रालय से कहा गया है। पाकिस्तान का दावा है कि जाधव रॉ के अधिकारी है और इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
परिकर ने कहा, ‘जहां तक मेरी जानकारी है, हम इस बात से सहमत हैं कि वह एक भारतीय नागरिक हैं और हमने दूतावास की मदद के लिए कहा है।’ उन्होंने कहा कि वह जाधव को लेकर इसलिए भी चिंतित हैं क्योंकि वह एक पूर्व सैनिक हैं। विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को उन्होंने संकेत किया है कि जाधव पूर्व अधिकारी हैं और उनकी हर संभव सहायता और मदद की जानी चाहिए।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की प्रशंसा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय बेहतरीन तरीके से अपना काम कर रहा है। जाधव के बारे में उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से बना कर दिया। उन्होंने कहा, वन रैंक वन पेंशन देने के अलावा मैं पूर्व सैनिक के बारे में और कोई बात नहीं कर सकता।
कुलभूषण जाधव को इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान ने सक्रिय रॉ एजेंट होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। भारत ने पाकिस्तान के आरोप को खारिज कर दिया।