गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के साथ ही आज पांच राज्यों की छह विधानसभा सीटों और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर मतदान होगा। पांच राज्यों में जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें उत्तर प्रदेश की रामपुर सदर और खतौली, ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहार की कुरहनी और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग ने आज होने वाले मतदान को लेकर इन विधानसभा सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंजताम किए हैं।
चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एक लोकसभा सीट और छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की मतगणना भी आठ दिसंबर को ही होगी। गौरतलब है कि उसी दिन गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की मतगणना भी होंगी।
उत्तर प्रदेश में रामपुर सदर और खतौली विधानसभा सीटों और मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इन सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं, कांग्रेस और बहुजन समाजवादी पार्टी ने इन सीटों पर चुनाव न ड़ने का फैसला किया है।
इन सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मतदान को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा एक बयान जारी किया गया है। बयान के मुताबिक, दो विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव में 24.43 लाख लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 13.14 लाख पुरुष मतदाता, 11.29 लाख महिला मतदाता और 132 तृतीय श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि ये मतदाता 1945 मतदान केंद्रों पर स्थित 3,062 पोलिंग बूथों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक अपना वोट डाल सकेंगे।
राजस्थान की सरदारशहर सीट पर होगा मतदान
वहीं, राजस्थान में सरदारशहर सीट कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा (77) के पास थी, जिनका लंबी बीमारी के बाद 9 अक्टूबर को निधन हो गया था। जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव होना है। इस सीट पर कांग्रेस ने भंवर लाल शर्मा के बेटे अनिल कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व विधायक अशोक कुमार ने ताल ठोंकी है। इन दोनों के अलावा आठ अन्य उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं।
ओडिशा की पदमपुर सीट पर उपचुनाव
ओडिशा की पदमपुर विधानसभा सीट पर भी सोमवार को मकदान होगा। इस सीट पर उपचुनाव बीजद विधायक बिजय रंजन सिंह बरिहा के निधन के कारण हो रहा है। इस सीट के लिए कल होने वाले मतदान में 10 प्रत्याशियों की किस्मत मतदाता तय करेंगे। बीजद ने इस सीट से जहां दिवंगत विधायक की बेटी वर्षा को उम्मीदवार बनाया है वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक प्रदीप पुरोहित और कांग्रेस ने तीन बार के विधायक सत्य भूषण साहू को उम्मीदवार बनाया है। अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ की इस सीट पर कल होगा मतदान
माओवाद प्रभावित कांकेर जिले में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित भानुप्रतापपुर सीट पर उपचुनाव पिछले महीने कांग्रेस विधायक और विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी की मृत्यु के कारण जरूरी हो गया था। इस सीट को फतह करने के लिए चुनावी मैदान में कम से कम सात उम्मीदवार हैं। हालांकि यहां मुख्य रूप से सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक की पत्नी सावित्री मंडावी को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा के उम्मीदवार पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम हैं।
कुढ़नी विधानसभा सीट पर भी कड़ा है मुकाबला
बिहार के कुढ़नी विधानसभा सीट पर राजद विधायक अनिल कुमार साहनी की अयोग्यता के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया है। यहां जद(यू) से मनोज सिंह कुशवाहा ने उम्मीदवारी भरी है।
बीजद और भाजपा ने एक-दूसरे खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
पदमपुर उपचुनाव में मतदान शुरू होने में बमुश्किल कुछ घंटे बचे हैं। लेकिन इससे पहले सत्तारूढ़ बीजद और विपक्षी भाजपा दोनों के नेताओं ने यहां रविवार को एक-दूसरे खिलाफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा सुबह सीईओ कार्यालय पहुंची। उसने एक निजी क्षेत्रीय टीवी चैनल के रिपोर्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने आरोप लगाया कि उसने कथित तौर पर उसके उम्मीदवार प्रदीप पुरोहित के साथ दुर्व्यवहार किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुरोहित अपना प्रचार समाप्त करने के बाद अकेले ही देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे, तभी बीजद नेता के स्वामित्व वाले टीवी चैनल के रिपोर्टर ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। पार्टी ने पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार पुरोहित ने भी शनिवार रात पदमपुर में टीवी रिपोर्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया और स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की जांच करने का आश्वासन मिलने के बाद अपना धरना खत्म किया। भाजपा ने एक अन्य याचिका में आरोप लगाया कि बीजद के कुछ नेता शनिवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद बरगढ़ जिले के पदमपुर में विभिन्न स्थानों पर मतदाताओं के बीच पैसे बांट रहे थे।
भाजपा के प्रदेश महासचिव लेखश्री सामंत सिंघार ने दावा किया कि पैकमल प्रखंड समेत कई जगहों पर ग्रामीणों ने सत्ता पक्ष के कार्यकर्ता द्वारा बांटे गए पैसे वापस कर दिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजद कार्यकर्ता विरोध करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहे हैं।
वहीं, सत्तारूढ़ बीजद भी तीन बार कम से कम तीन बार सीईओ के कार्यालय पहुंचा और आरोप लगाया कि पदमपुर में भाजपा उम्मीदवार की पत्नी और चाची लोगों को पैसे बांट रही हैं। बीजद के दो प्रतिनिधिमंडलों ने एक अलग शिकायत में आरोप लगाया है कि एक भाजपा नेता के स्वामित्व वाले निजी टीवी चैनल ने पदमपुर में 40 से 45 लोगों की टीम को तैनात किया है, जो मतदाताओं को पैसा पहुंचाने और उन्हें भाजपा उम्मीदवार प्रदीप पुरोहित को वोट देने के लिए कह रहे हैं।