फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Villagers flee after ant attack in Odisha and three cities of the country included in UNESCO

Big News: चींटियों के हमले के बाद ग्रामीणों का पलायन, देश के तीन शहर यूनेस्को में शामिल, पढ़ें अहम खबरें

Wed, 07 Sep 2022 04:53 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, भुवनेश्वर।
एजेंसी, भुवनेश्वर। Published by: Jeet Kumar Updated Wed, 07 Sep 2022 04:53 AM IST
सार

वैज्ञानिक गांव को इन जहरीली चींटियों से मुक्त कराने के लिए अभियान चला रहे हैं। इसके बावजूद गांव में मकानों से लेकर पेड़ों तक, हर जगह इन चींटियों के झुंड मौजूद हैं। यहां बहुत से ग्रामीणों को इन चींटियों ने काटा है, इससे लोगों की त्वचा पर सूजन और जलन की शिकायतें सामने आ रही है।

विज्ञापन
Villagers flee after ant attack in Odisha and three cities of the country included in UNESCO
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Social media

विस्तार

ओडिशा के पुरी जिले के ब्राह्मणवासी गांव में बाढ़ का पानी उतरने के बाद लाखों लाल चींटियों ने धावा बोल दिया है। बड़ी लाल चींटियों के हमले के बाद ग्रामीण यहां से पलायन को मजबूर हो रहे हैं। 

विज्ञापन


वैज्ञानिक गांव को इन जहरीली चींटियों से मुक्त कराने के लिए अभियान चला रहे हैं। इसके बावजूद गांव में मकानों से लेकर पेड़ों तक, हर जगह इन चींटियों के झुंड मौजूद हैं। यहां बहुत से ग्रामीणों को इन चींटियों ने काटा है, इससे लोगों की त्वचा पर सूजन और जलन की शिकायतें सामने आ रही है। इसके चलते यहां लोगों का सामान्य जीवन पटरी से उतर गया है। यहां तक की जानवरों और छिपकलियों तक को ये चींटियां अपना शिकार बना रही हैं।
विज्ञापन


आलम यह है कि लोग जहां चींटियां देखते हैं, वहां कीटनाशक पाउडर डाल रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिल रही है। ओडिशा कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए यहां एक अभियान शुरू किया है।     
विज्ञापन
विज्ञापन


देश के तीन शहर यूनेस्को जीएनएलसी में शामिल
तेलंगाना के वारंगल और केरल के त्रिशुर, निलांबुर शहरों को यूनेस्को ग्लोबल नेटवर्क ऑफ लर्निंग सिटीज (जीएनएलसी) में शामिल किया गया है। इस तरह ये तीन शहर इस श्रेणी के विश्व के 44 देशों के 77 शहरों में शामिल हो गए हैं। यूनेस्को जीएनएलसी एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क है, जिनमें ऐसे शहर शामिल हैं जो स्थानीय लोगों को आजीवन सीखने के लिए सफलतापूर्वक बढ़ावा देते हैं। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने ट्वीट कर इसे अच्छा समाचार बताया और कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक मान्यता प्राप्त करने और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद। 

संजय कुमार वर्मा कनाडा में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त
वरिष्ठ राजनयिक संजय कुमार वर्मा को कनाडा में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि 1988 बैच के आईएफएस अधिकारी संजय कुमार वर्मा कनाडा में भारत के नए उच्चायुक्त होंगे। वह कनाडा में जल्द अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्तमान में वर्मा जापान में भारत के राजदूत के पद पर तैनात हैं। एजेंसी

अमित कुमार कोरिया गणराज्य में भारत के अगले राजदूत होंगे
अमित कुमार को कोरिया गणराज्य में भारत के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 1995 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी अमित कुमार अभी शिकागो में भारत के महावाणिज्यदूत हैं। इससे पहले, यह पद 1994 बैच की भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्रीप्रिया रंगनाथन के पास था। एजेंसी

छत्तीसगढ़ : महिला नक्सली समेत तीन ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में मंगलवार को तीन नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें एक महिला नक्सली भी है। एक अधिकारी ने बताया कि जिन्होंने आत्मसमर्पण किया है उनमें बीजापुर में जनता सरकार की उपाध्यक्ष रही मदकम हिडमे, नक्सलियों की डॉक्टर समिति का सदस्य पुनेम कन्ना और बीजापुर में पेद्दागलूर जनता सरकार का उपाध्यक्ष करम सुक्कू शामिल है। राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत उन्हें आवश्यक सहायता मुहैया कराई जाएगी। एजेंसी

15 लाख रुपये की ड्रग्स रखने पर ब्रिटिश नागरिक गोवा से गिरफ्तार 
गोवा पुलिस ने 76 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक को 15.84 लाख रुपये की प्रतिबंधित ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि परनेम पुलिस ने उत्तरी गोवा जिले के अरामबोल बीच के पास स्थित घर पर छापा मारा, जहां से आरोपी स्टीफन स्लाटविनर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने परिसर में छिपाकर रखे हुए 12.2 ग्राम गांजा, 40 एक्टक्सी टेबलेट, 26 लिसर्जिक एसिड डाइथेलीमाइड पेपर और एलएसडी के कैप्सूल, 80 ग्राम एमडीएमए और एक सिंथेटिक साइकोएक्टिव ड्रग्स को जब्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। 

शाही जिम्मेदारियां छोड़ने के दो वर्ष बाद मेघन ने दिया भाषण
ब्रिटिश शाही परिवार की जिम्मेदारियों को छोड़ने के करीब दो साल बाद डचेज ऑफ ससेक्स मेघन ने ब्रिटेन में पहली बार भाषण दिया। उन्होंने ‘वन यंग वर्ल्ड समिट’ के दौरान उन्होंने अपने मन में आई आशंकाओं के बारे में बात की। बता दें, मेघन और हैरी ने वर्ष 2020 में शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के नाते निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों का त्याग कर दिया था और अमेरिका चले गए थे। इसके बाद वे इस वर्ष जून में पहली बार ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ताजपोशी के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होने आए।

नशे में गाड़ी चलाने पर गोपाल को जेल
भारतीय मूल के सिंगापुरी नागरिक जीएम गोपाल ओयप्पन को शराब पीकर एम्बुलेंस चलाने और टक्कर मारने के मामले में दो साल की सजा सुनाई गई है। इस घटना में एक यात्री घायल हो गया था। ओयप्पन के खून में प्रति 100 मिलीलीटर में 183 मिलीग्राम शराब पाई गई, जबकि वाहन चलाने के लिए प्रति सौ मिली रक्त में 80 मिलीग्राम अल्कोहल की कानूनी सीमा का प्रावधान है। दोषी पर चार हजार सिंगापुरी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया और जेल से छूटने के बाद 10 साल तक सभी प्रकार के वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।


टोक्यो ओलंपिक रिश्वतखोरी कांड में दो अफसर गिरफ्तार
जापानी अभियोजकों ने मंगलवार को टोक्यो ओलंपिक के एक प्रायोजक पर दो अधिकारियों को एक व्यापक रिश्वत की जांच के हिस्से के रूप में गिरफ्तार किया। इस जांच में टोक्यो 2020 बोर्ड के एक पूर्व सदस्य भी शामिल हैं। निक्केई अखबार के मुताबिक, प्रकाशक कदोकावा कॉर्प ने टोक्यो 2020 बोर्ड के तत्कालीन सदस्य हारुयुकी ताकाहाशी से जुड़ी एक कंपनी को सात करोड़ येन (4.98 लाख डॉलर) का भुगतान किया था। अभियोजकों की संदेह है कि कंपनी ने टोक्यो ओलंपिक का प्रायोजक बनने में उनकी मदद की। कंपनी ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग देगी।

दुनिया को कार्बन उत्सर्जन में तटस्थ होना होगा : यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के खिलाफ दुनिया को नेतृत्व देने के कारण भारत की भूमिका उसकी नैतिक व कानूनी जिम्मेदारी से अधिक महत्वपूर्ण है। दुनिया के देशों को भी जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए कार्बन उत्सर्जन में तटस्थ होना होगा। यादव ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा, भारत दुनिया में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तत्परता से काम कर रहा है। 

भारत ने अपनी प्रतिबद्धताओं के भरोसे विश्व स्तर पर अक्षय ऊर्जा क्षमता मामले में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। सात साल में इस दिशा में काम करते हुए गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा में 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जो देश के ऊर्जा मिश्रण के 40 फीसदी से अधिक है। यह दर्शाता है कि 2070 तक कार्बन उत्सर्जन शून्य करने के लिए भारत किस तरह से संकल्पित है।

मुख्य न्यायाधीश ने किया नालसा के नागरिक सेवा केंद्र का उद्घाटन
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित ने मंगलवार को जैसलमेर हाउस में नालसा के नागरिक सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। वह राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के मुख्य संरक्षक हैं। इस अवसर पर नालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस एसके कौल मौजूद थे। न्यायाधीश ललित ने कहा कि देश में प्रभावी कानूनी सहायता देने के लिए समर्पित नागरिक सेवा केंद्र की स्थापना नालसा के लिए ऐतिहासिक क्षण है।

महंगाई और ऊंची ब्याज दरों का आर्थिक वृद्धि पर कोई असर नहीं
भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति की रफ्तार 2022 और 2023 में भी तेज रहेगी। रूस-यूक्रेन युद्ध, उच्च महंगाई और सख्त मौद्रिक नीतियां भी इसे नहीं रोक पाएंगी। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने मंगलवार को कहा, भारत का क्रेडिट प्रोफाइल इसकी विविधतापूर्ण अर्थव्यवस्था को दर्शाता है, जिसमें विकास की ऊंची संभावना है। वित्तीय आधार मजबूत है। हालांकि, प्रति व्यक्ति निम्न आय, महंगा कर्ज, ऋण भुगतान की कम क्षमता चिंता की बात है। एजेंसी ने बीएए3 रेटिंग के साथ भारत के आउटलुक को स्थायी बनाए रखा है।

5% पहुंच सकता है चालू खाते का घाटा
घरेलू रेटिंग एजेंसी इक्रा ने आशंका जताई है कि देश का चालू खाते का घाटा (कैड) सितंबर की तिमाही में बढ़कर जीडीपी के पांच फीसदी पर पहुंच जाएगा। व्यापार घाटे के लगातार बढ़ने से कैड बढ़ना तय है। अगस्त में व्यापार घाटा बढ़कर 28.68 अरब डॉलर पहुंच गया। इसकी वजह आयात में 36.8% की वृद्धि होना है।

मार्च से राष्ट्रीय एकल खिड़की से मिलेगी उद्योगों को सभी मंजूरी
सभी राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों को मार्च, 2023 तक पूरी तरह से राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली (एनएसडब्ल्यूएस) में एकीकृत कर दिया जाएगा। इसके बाद इस प्रणाली के जरिये ही उद्योगों को सभी प्रकार की मंजूरी दी जाएंगी। सरकार ने पिछले साल सितंबर में एनएसडब्ल्यूएस सुविधा पेश की थी। 

उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग में अतिरिक्त सचिव सुमिता डावरा ने कहा, पेश होने के एक साल में ही इस प्रणाली के जरिये 14,000 मंजूरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया, अब तक 16 राज्य इस प्रणाली से जुड़ गए हैं। वर्तमान में 32 मंत्रालयों व विभागों में 24 ने यह प्रणाली लागू कर दी है।

दक्षिण-पूर्व एशिया  में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाई जाएंगी
दक्षिण पूर्व एशिया के देशों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। यहां चल रहे सम्मेलन में विश्व स्वास्थ्य संगठन की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा, मानसिक स्वास्थ्य के बिना कोई स्वास्थ्य नहीं है। प्राथमिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य में निवेश बढ़ाने से उपचार की लागत कम होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed