सरकार बनाने में उलझे विजय: TVK नेता ने जीत पर बधाई के लिए PM मोदी-राहुल गांधी को कहा शुक्रिया, ये संदेश दिया
तमिलनाडु चुनाव में टीवीके की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष नेता राहुल गांधी ने बधाई दी थी। अब टीवीके प्रमुख ने इन दोनों को शुक्रिया कहा। इसके साथ ही उन्होंने यह संदेश भी दिया है।
विस्तार
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इस चुनाव में टीवीके राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टीवीके प्रमुख को बधाई दी। टीवीके प्रमुख ने दोनों नेताओं का अभार जताया है।
यह भी पढ़ें- Aviation: हवाई सफर होगा महंगा और मुश्किल, इन एयरलाइंस ने इंटरनेशनल उड़ानों में की कटौती; जानें वजह
जनता का कल्याण ही एकमात्र लक्ष्य
उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग कर लिखा लिखा, ‘आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हमारी जनता का कल्याण ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। राजनीति से ऊपर उठकर, हम राज्य की प्रगति और तमिलनाडु की जनता के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इस प्रयास में हम केंद्र सरकार के सहयोग की आशा करते हैं।
Thank you, Hon'ble @PMOIndia, for your greetings. The well-being of our people remains our only goal.
Transcending politics, we shall focus on the State's progress and the welfare of people of Tamil Nadu. We look forward to the Union Government’s support in this endeavor. https://t.co/EO4h8qC0hF — TVK Vijay (@TVKVijayHQ) May 5, 2026
वहीं, उन्होंने लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी के लिए लिखा, ’माननीय नेता को फोन और शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद! हम लोक सेवा में उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे और अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए सामूहिक सहयोग आवश्यक है। राजनीति से परे, हम तमिलनाडु की जनता के कल्याण को प्राथमिकता देंगे।
यह भी पढ़ें- असम नतीजों के बाद गौरव गोगोई का बड़ा हमला: हार की जिम्मेदारी ली, EVM और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए तीखे सवाल
कांग्रेस नेतृत्व तय करेगा आगे की रणनीति
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के रुझानों में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को बहुमत से कुछ सीटें कम मिलने की स्थिति के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरिश चोडणकर ने सोमवार को बताया कि उन्होंने इस पूरे चुनावी परिदृश्य पर अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंप दी है और अब इस पर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। कांग्रेस, जो डीएमके गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरी थी, राज्य में लगभग पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। चोडणकर के अनुसार, इस चुनाव में युवा और महिला मतदाताओं ने बड़ी संख्या में टीवीके के पक्ष में मतदान किया है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और खासकर युवाओं व महिलाओं का झुकाव टीवीके की ओर अधिक रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंप दी है।