फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Vadodara Lok Sabha seat in Gujarat is considered the safest for BJP just because of PM Modi

Gujarat: गुजरात की सबसे सुरक्षित सीट, जहां सिर्फ मोदी से है मतलब, यहां नहीं गलेगी 'फ्री' देने वालों की दाल

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Sat, 04 May 2024 03:39 PM IST
विज्ञापन
सार
2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से बंपर जीत दर्ज कराई थी। साल 1998 से भाजपा लगातार इस सीट पर जीत रही है। गत लोकसभा चुनाव में रंजनबेन भट्ट ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के प्रशांत चंदूभाई पटेल को हराया था।
loader
Vadodara Lok Sabha seat in Gujarat is considered the safest for BJP just because of PM Modi
गुजरात के वडोदरा में पीएम मोदी का प्रभाव; सियासी नब्ज टटोलती अमर उजाला की ग्राउंड रिपोर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

गुजरात में 'वडोदरा' लोकसभा सीट सबसे सुरक्षित मानी जाती है। भले ही यहां से भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मोदी नहीं हैं, लेकिन वोट उन्हीं के नाम पर मिलता है। वोटरों को उम्मीदवार से नहीं, मोदी से मतलब है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र, दोनों जगहों पर मुकाबला नजर नहीं आ रहा। वडोदरा शहर में भाजपा के पोस्टर तो नजर आते हैं, लेकिन कांग्रेस का प्रचार गायब है। वोटरों ने यह भी कहा, गुजरात में ऐसे दलों की दाल नहीं गलेगी, जो 'फ्री' में कुछ देकर वोट लेने का प्रयास करते हैं। लोगों ने कहा, इस बार भाजपा की जीत का मार्जिन कुछ कम हो सकता है। वडोदरा में क्षत्रिय समुदाय के विरोध का असर नहीं दिख रहा। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने यहां पर भाजपा प्रत्याशी के डॉ. हेमांग जोशी के सामने क्षत्रिय समुदाय से आने वाले जसपाल सिंह पढियार को मैदान में उतारा है।



उम्मीदवार नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखते हैं
2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से बंपर जीत दर्ज कराई थी। साल 1998 से भाजपा, लगातार इस सीट पर जीत रही है। गत लोकसभा चुनाव में रंजनबेन भट्ट ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के प्रशांत चंदूभाई पटेल को हराया था। रंजनबेन भट्ट को 883,719 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के चंदूभाई पटेल को 294,542 मत हासिल हुए। वडोदरा में सात विधानसभा क्षेत्र, सयाजीगंज, रावपुरा, मांजलपुर, वाघोडिया, सावली, अकोटा और वडोदरा शहर आते हैं। वडोदरा के निकटवर्ती गांव सोखडा में अक्षर परुषोत्तम स्वामी नारायण मंदिर है। वहां बैठे ग्रामीण घनश्याम भाई ने कहा, यहां भाजपा का ही वोट है। डॉ. हेमंत जोशी जीत जाएंगे। क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव है। कांग्रेस की स्थिति कैसी है, इस सवाल का जवाब देते हुए घनश्याम भाई बोले, इसका तो नाम ही मत लेना। महेंद्र भाई सोना भाई पटेल ने कहा, वडोदरा में केंद्रीय मंत्री परषोत्तम रूपाला के विवाद की कोई बात नहीं है। घनश्याम ने कहा, यहां पर विकास हुआ है। सड़क बनी है, पानी का हल मोदी ने ही निकाला है। अभी गटर लाइन बाकी है, वो भी आ जाएगी। यहां पर उम्मीदवार को नहीं देखते, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखते हैं। जनता का वोट मोदी को जाएगा, उम्मीदवार को नहीं।


जीत मिलेगी, लेकिन भाजपा की लीड कम होगी
वडोदरा के अलकापुरी इलाके में गोवर्धन नाथ जी की हवेली 'मंदिर' के सामने पूजा अर्चना के बाद एनबी शाह और उनकी मंडली ने चुनाव को लेकर बातचीत की। वोटरों ने कहा, वे अपनी सोसायटी के सभी लोगों को डोल नगाड़े के साथ मत डालने के लिए बूथ तक ले जाएंगे। यहां पर कोई टक्कर नहीं है। देश और विदेश, दोनों जगह पर भारत का विकास हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी जब मुख्यमंत्री थे, तभी से इन्हें वोट देते हैं। कांग्रेस ने पहले कभी काम ही नहीं किया है। वे केवल उम्मीदवार खड़ा करते हैं। कोई भी सीट हो, यहां पर भाजपा को ही वोट जाएगा। केंद्रीय मंत्री रूपाला के बयान का असर यहां बहुत कम है। क्षत्रिय समाज, साथ आ जाएगा। वे भाजपा को वोट देंगे। सिर्फ भाजपा की लीड कम होगी। रूपाला एक व्यक्ति है, भाजपा तो देश में है। मार्जिन कम होने का कारण बताते हुए लोगों ने कहा, परिवर्तन तो कुदरत का नियम है। भाजपा ने जो काम किया है, वह कांग्रेस नहीं कर सकती। मोदी को अपने लोगों की चिंता रहती है।

मोदी किसी को 'फ्री' में कुछ नहीं देंगे
मोदी कभी किसी को कुछ फ्री नहीं देंगे। उन्होंने मटका बनाने वाले एक व्यक्ति का उदाहरण दिया। जो देगा, वह स्वावलंबी बनाकर देगा। कांग्रेस जो कह रही है, वह कुछ नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी ने यहां पर फ्री देने की बात कही थी। कुछ गरीब लोग हैं, ये अलग बात है। सामान्य लोग फ्री नहीं लेते। वे अपने हक का ही खाएंगे। राम मंदिर के मुद्दे पर एनबी शाह ने कहा, देश हिंदू राष्ट्र बनना चाहिए। बेरोजगारी पर बोलते हुए शाह की टीम के एक युवा साथी ने कहा, हमें सोशल मीडिया के प्लेटफार्म से बाहर आना होगा। हमारे लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करना जरूरी नहीं है। एक्टिव रहें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या कर रहे हैं, उसके लिए एक सिस्टम बनाना चाहिए।

पहले यहां दंगे होते थे, अब बंद हो गए हैं
वडोदरा की तरफ जाने वाले मार्ग पर पांच-छह वोटर चुनावी चर्चा कर रहे थे। इन वोटरों ने कहा, वडोदरा में तो मोदी ही हैं। वजह, मोदी ने बहुत काम किया है। लोगों को मालूम है कि आगे भी क्या काम होने वाला है। कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा, बहुत कमजोर स्थिति है। इन्होंने कुछ काम नहीं किया। पब्लिक को उल्लू बनाया, तुष्टिकरण किया। भाजपा उम्मीदवार को लेकर लोगों ने कहा, यहां प्रत्याशी का कोई मतलब नहीं है। वह जीतेगा ही। यहां पर लोग भाजपा और मोदी को देखते हैं। देश आगे बढ़ रहा है।

2001 से पहले यहां दंगे होते थे। मोदी के आने के बाद वह सब बंद हो गया। रूपाला का कोई फैक्टर नहीं है। क्षत्रिय, खुद भाजपा को मत देंगे। राम मंदिर निर्माण, एक अच्छा कदम है। निजी क्षेत्र में रोजगार की स्थिति बढ़िया है।

कांग्रेस में राम के विरोध के चलते पार्टी छोड़ रहे नेता
कांग्रेस के दिमाग में मोदी है। वह पार्टी यह नहीं सोचती कि उन्होंने अपनी सरकार में क्या किया है। राहुल गांधी को कोई नेता ही नहीं मानता। आम पब्लिक में राहुल की स्वीकार्यता नहीं है। चुनाव में विपक्षी नेताओं द्वारा भाजपा ज्वाइन करना, इस बाबत उन्होंने कहा, दबाव डालकर कोई पार्टी ज्वाइन नहीं कराता। कांग्रेस में राम का विरोध हुआ तो नेता, पार्टी छोड़कर इधर यानी भाजपा में आ गए। परिवारवाद का विरोध होना चाहिए। क्षेत्रीय पार्टियां, परिवार को आगे लाना चाहती हैं। पहले 'आप' ऐसी नहीं थी। अरविंद केजरीवाल जेल में हैं, अब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल आगे आ रही हैं। इन पार्टियों के लिए देश हित बाद में है। ये देश का भला नहीं कर सकते।

सरकार ने दी तकनीकी मदद
वड़ताल और विद्यानगर के बीच झोल गांव के आरोग्य केंद्र के सामने मटके बनाने वाले व्यक्ति बैठे थे। वहां पर प्रजापति समुदाय की बस्ती है। उन्होंने एनबी शाह को बताया, हम लोग मटका बनाते हैं। इसमें लंबे समय तक पानी ठंडा रहता है। पीएम मोदी ने हमें तालीम दिलाई। छकड़ा यानी घूमने वाला चक्का, पहले हाथ द्वारा घुमाया जाता था। मोदी ने हमें इलेक्ट्रॉनिक छकड़ा दिया, हमें स्वावलंबी बनाया। नतीजा, मिट्टी के बर्तन तैयार करने में तेजी आई। अब ज्यादा उत्पादन होने लगा। अभी हम किसी के सामने हाथ नहीं फैलाते।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed