फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Coronavirus covid 19 vaccination for 18 plus from today: Vaccination 3rd phase, Several states delay drive, know more

Vaccination: आज से 18+ को भी लगेगी वैक्सीन, इन राज्यों में नहीं होगा वैक्सीनेशन, जानें अपने राज्य का हाल

Sat, 01 May 2021 08:22 AM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: दीप्ति मिश्रा Updated Sat, 01 May 2021 08:22 AM IST
सार

आज यानी 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो रहा है, जिसके अंतर्गत 18 साल से ऊपर वालों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। 

विज्ञापन
Coronavirus covid 19 vaccination for 18 plus from today: Vaccination 3rd phase, Several states delay drive, know more
Covid-19 टीकाकरण - फोटो : PTI

विस्तार

देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जिंदगी की जंग जीतने के लिए आज यानी 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो रहा है, जिसके अंतर्गत 18 साल से ऊपर वालों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। कई राज्यों में आज टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हो रही है, तो कई राज्यों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। यहां जानें कि कहां वैक्सीन लगेगी औ कहां नहीं...

विज्ञापन


आज से 18 से 45 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जाना है, लेकिन टीकाकरण महाअभियान के शुरू होने से पहले ही उस पर ‘ग्रहण’ लगता नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश आदि राज्यों ने टीकों की कमी का हवाला देते हुए टीकाकरण अभियान को टाल दिया है। इससे पहले, बिहार, पंजाब और महाराष्ट्र ने गुरुवार को ही टीकाकरण अभियान टालने की घोषणा की थी। उन्होंने शुक्रवार को भी अपनी बात दोहराई। हालांकि, महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर वैक्सीन लगेगी।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन



इतने लोगों ने कराया पंजीकरण
एक मई से टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर 28 अप्रैल शाम चार बजे से पंजीकरण शुरू हो गए थे। शुक्रवार की सुबह तक 2.45 करोड़ लोग अपना पंजीकरण करा चुके थे, लेकिन खबर है कि ज्यादातर राज्यों में टीकाकरण के लिए स्लाट नहीं दिए जा रहे हैं। देश में अब तक 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को 15.48 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी हैं।

यूपी में आज से तीसरा चरण शुरू, 18+ को लगेगी वैक्सीन

उत्तर प्रदेश में आज से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगेगी। यूपी के 10 अस्पतालों में 3,000 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसकी तैयारियां स्वास्थ्य विभाग ने देर रात तक पूरी कर ली हैं। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह के मुताबिक, यह टीका सिर्फ उन्हीं लोगों को लगाया जाएगा, जिन्होंने कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु एप पर अपना पंजीकरण कराया है। जिन लोगों को स्लॉट नहीं मिला, उनके लिए शुक्रवार शाम से स्लॉट खोला गया है। सभी लोग समय व अस्पताल का चयन कर सकते हैं।

राजस्थान: अभी 11 जिलों में 18+ को लगेगी वैक्सीन
राजस्थान के 11 जिला मुख्यालयों पर कोविड टीकाकरण का नया चरण शनिवार से शुरू होगा, जिसमें 18 से 44 साल आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण होगा। राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि एक मई से राज्य 11 जिला मुख्यालयों पर 45 वर्ष से कम के आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। टीका उत्पादक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने राजस्थान को फिलहाल तीन लाख खुराक देने पर सहमति दी है, इसलिए इस आयु वर्ग के लिए टीकाकरण की शुरुआत उन 11 जिला मुख्यालयों से की जा रही है, जो कोविड-19 से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन जिलों में जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, अलवर, धौलपुर, भीलवाड़ा, कोटा, सीकर और पाली शामिल हैं। डॉ.शर्मा ने बताया कि दवा कंपनी से आने वाले दिनों में जब अधिक खुराक मिलेगी, तब सभी जगह टीकाकरण शुरू किया जाएगा। 

गुजरात : 10 जिलों में तीसरा चरण शुरू 
गुजरात में महामारी से सबसे अधिक प्रभावित दस जिलों में एक मई से 18 से 45 वर्ष के लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि राज्य को शुक्रवार शाम तक तीन लाख टीके मिले। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में 18 वर्ष से अधिक लोगों का टीकाकरण एक मई से शुरू होगा, उनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर, जामनगर, कच्छ, मेहसाणा, भरूच और गांधीनगर शामिल हैं। 

दिल्ली के निजी अस्पतालों में आज से टीकाकरण

दिल्ली के कुछ बड़े निजी अस्पतालों में आज से 45 साल से कम उम्र के लोगों का टीकाकरण होगा। दिल्ली के मैक्स, अपोलो और फोर्टिस अस्पताल ने आज से ही 45 से कम उम्र के लोगों को टीका लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए अस्पतालों ने सीधे वैक्सीन निर्माताओं से कुछ स्टॉक मंगवाया है। हालांकि, दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में आज से वैक्सीनेशन नहीं होगा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि टीकाकरण के लिए हमारे पास टीके नहीं हैं और इनकी खरीद के लिए उत्पादकों को ऑर्डर दे दिए गए हैं। हालांकि, मंत्री ने कहा कि इस श्रेणी में आने वाले लोगों को टीका देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्पादकों ने दिल्ली सरकार को फिलहाल टीका आपूर्ति कार्यक्रम उपलब्ध नहीं कराया है।

महाराष्ट्र: आज से कुछ जगहों पर 18+ को लगेगी वैक्सीन
महाराष्ट्र सरकार वैक्सीन की कमी का हवाला देते हुए आज यानी 1 मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए असमर्थता जता चुकी है। लेकिन मुंबई में कई जगहों पर आज से इसकी शुरुआत हो रही है, जो राहत की बात है। बीएमसी ने बताया कि 1 मई से मुंबई में 18 से अधिक उम्र वालों को वैक्सीन लगेगी। बीएमसी के मुताबिक, नायर हॉस्पिटल, बीकेसी जम्बो फैसिलिटी, कूपर हॉस्पिटल, सेवन हिल्स हॉस्पिटल और राजावाड़ी हॉस्पिटल में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगेगी। इन केंद्रों पर 20 हजार लोगों को वैक्सीनेट किया जाएगा। इसके लिए लोगों को भुगतान करना होगा। जबकि सरकारी अस्पतालों में निशुल्क वैक्सीन लगाई जाएगी।

पश्चिम बंगाल : टीकाकरण शुरू नहीं होगा  
पश्चिम बंगाल में कोविड-19 टीके की खुराक की कमी के कारण शनिवार से टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू नहीं होगा। राज्य के स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 45 से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण विभिन्न केंद्रों पर खुराक की उपलब्धता के आधार पर जारी रहेगा। 

कर्नाटक : वैक्सीन की आपूर्ति होने पर शुरू होगा तीसरा चरण 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के टीकाकरण में देरी होगी। हमारे पास वैक्सीन का स्टॉक नहीं है। वह एक मई से 18 साल से ऊपर के लोगों के टीकाकरण को लेकर केंद्र के निर्देश पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि टीके की आपूर्ति अभी तक नहीं की गई है। टीके एक बार आने के बाद हम लोगों का टीकाकरण करेंगे।

तमिलनाडु और जम्मू कश्मीर ने भी टाला    
वैक्सीन की आपूर्ति पर अनिश्चितता के बीच तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की सरकार ने शुक्रवार को 18 से अधिक उम्र के लिए शुरू होने वाला टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण टाल दिया है। तमिलनाडु सरकार ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान स्टॉक के साथ पहले से चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम को जारी रखेगी। तमिलनाडु ने केंद्र से डेढ़ करोड़ टीके की खुराक मांगी थी, वह कब पहुंचेगी, इस बारे में अनिश्चितता है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कहा कि टीके की आपूर्ति मिलने के बाद नई तारीख की घोषणा की जाएगी। 20 मई तक टीका मिलने की उम्मीद है।

अरुणाचल प्रदेश : तकनीकी कारणों से टाल दिया वैक्सीनेशन
अरुणाचल प्रदेश की सरकार ने तकनीकी कारणों से एक मई से 18 से अधिक उम्र लोगों को कोविड-19 का टीका लगाने का कार्यक्रम टाल दिया है। राज्य के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के निदेशक डॉ.सीआर खाम्पा ने शुक्रवार को बताया कि तीसरे चरण का टीकाकरण अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। हालांकि, तकनीकी दिक्कतें क्या हैं, इस बात की जानकारी उन्होंने नहीं दी।

ओडिशा : आज से शुरू नहीं होगा टीकाकरण

ओडिशा में 18-44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए कोविड-19 टीकाकरण का तीसरा चरण 1 मई से शुरू नहीं होगा। यह पूरे राज्य में सप्ताहांत बंद का पहला दिन है और राज्य में टीकों की कमी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य और परिवार कल्याण) पी के महापात्र ने यह जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि तीसरे चरण का टीकाकरण कब शुरू होगा।

झारखंड : 18 वर्ष से अधिक उम्र का टीकाकरण शुरू नहीं होगा 
झारखंड में शनिवार से 18 से अधिक और 45 साल से कम उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू नहीं हो सकेगा। विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि 18-45 आयु वर्ग के लोगों के लिए राज्य सरकार के पास टीके उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण एक मई से शुरू होने वाला टीकाकारण अभियान प्रारंभ नहीं किया जा सकेगा।  

उतराखंड : अभी एक हफ्ते का समय लगेगा
राज्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित नेगी ने कहा कि उतराखंड में 18 से 44 आयु वर्ग का टीकाकरण शुरू होने में हफ्तेभर का समय लगेगा। अमित नेगी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य ने केंद्र सरकार को 1.64 लाख टीकों की डिमांड भेज दी है। सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक को राज्य में टीकों की आपूर्ति करनी है। राज्य सरकार दोनों कंपनियों के साथ ही केंद्र सरकार से भी निरंतर संपर्क में है। उन्होंने बताया कि इसमें कम से कम एक हफ्ता लग सकता है।

बिहार सरकार के पास भी वैक्सीन नहीं
बिहार में आज से टीकाकरण शुरू नहीं हो सकेगा। बिहार स्टेट हेल्थ सोसाइटी की ओर से कहा गया है कि दूसरे सप्ताह से 18 साल से ऊपर वालों को कोरोना का टीका लगेगा। बिहार में 18-45 साल के लोगों की आबादी 5.46 करोड़ है। 18 साल के ऊपर के लोगों को टीका लगाने के लिए पहला ऑर्डर दे दिया दया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed