अमेरिका के उप विदेश मंत्री स्टीफन बिगुन पहुंचे भारत, जयशंकर ने की भेंटवार्ता
अमेरिका के उप विदेश मंत्री स्टीफन बिगुन सोमवार को दिल्ली पहुंचे। भारत में अमेरिकी राजदूत केनेथ जस्टर ने दिल्ली में उनका स्वागत किया। इसके बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के उप विदेश मंत्री स्टीफन बीगुन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों के साझे दृष्टिकोण पर बल देते हुए सोमवार को द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। बीगुन इस महीने के आखिर में दोनों देशों के बीच होने वाली टू-प्लस-टू वार्ता के तीसरे संस्करण को अंतिम रूप देने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे हैं।
जयशंकर ने ट्वीट किया कि ‘अमेरिका के उप विदेश मंत्री स्टीफन बिगुन से मुलाकात कर खुशी हुई। विश्व राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का बड़ा उपयोगी आदान-प्रदान हुआ। हमने द्विपक्षीय सहयोग की सतत प्रगति की प्रशंसा की। हमें विश्वास है कि हमारी रणनीतिक साझेदारी और गहरी होगी।’
Pleased to meet US Deputy Secretary of State Stephen Biegun. Useful exchange of views on world politics and regional issues. Appreciated the steady progress of our bilateral cooperation. Confident that our Strategic Partnership would continue to deepen. pic.twitter.com/PrnRMo90fC
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) October 12, 2020
अमेरिकी दूतावास ने ट्वीट किया कि ‘बिगुन और जयशंकर ने अहम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जिनका हिंद-प्रशांत की प्राथमिकताओं पर असर है। समझा जाता है कि जयशंकर ने अमेरिकी अधिकारी को पूर्वी लद्दाख की स्थिति के बारे में भी बताया जहां भारतीय और चीनी सेना पांच महीने से तीखा सीमा विवाद में उलझी हुई है।
छह दिन पहले जयशंकर ने टोक्यो में चतुष्पक्षीय देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के मौके पर अमेरका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ के साथ भेंटवार्ता की थी। भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान चतुष्पक्षीय गठबंधन के सदस्य हैं।
भारत और अमेरिका के बीच तीसरा टू-प्लस-टू वार्ता 26-27 अक्तूबर को यहां होने की संभावना है जिसके लिए पोम्पिओ और अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर के भारत आने का कार्यक्रम है। भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।