फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   UP election 2022: In an Interview with Uttar Pradesh BJP President Swatantra Dev Singh said, Development model of double engine government will win 300 plus seats

साक्षात्कार: स्वतंत्रदेव सिंह बोले, डबल इंजन सरकार का डेवलपमेंट मॉडल जिताएगा 300 प्लस सीटें

Tue, 25 Jan 2022 07:16 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Tue, 25 Jan 2022 07:16 PM IST
विज्ञापन
सार
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से अमर उजाला डॉट कॉम ने बात की। स्वतंत्र देव बोले 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। सपा पर हमला कि इतने साल तक क्या किया, तब तो बिजली तक नहीं दे पाते थे, अब कह रहे फ्री देंगे...
loader
UP election 2022: In an Interview with Uttar Pradesh BJP President Swatantra Dev Singh said, Development model of double engine government will win 300 plus seats
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह। - फोटो : Amar Ujala (File Photo)

विस्तार

हमारा विकास का मॉडल सबके सामने है। बिजली, पानी, सड़क, आवास, राशन, सुरक्षा, क़ानून व्यवस्था। हम ऐसे मुद्दों के साथ जनता के बीच मे हैं। समाजवादी पार्टी दल नहीं दलदल है। अब ये जनता में झूठ बोलकर मुफ्त में बिजली देने की बात कर रहे हैं। मैं इनसे पूछता हूं कि जब ये सत्ता में थे तो फ्री छोड़िए, बिजली की नियमित आपूर्ति तक क्यों नहीं कर पाते थे। अरे...झूठ की बुनियाद पर कहीं इमारत बुलंद होती है। आप देखिएगा इस बार तीन सौ से ज्यादा सीटें भाजपा की आएंगी। यह कहना है उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का। स्वतंत्र देव ने अमर उजाला डॉट कॉम से हुई बातचीत में प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर आशीष तिवारी से बातचीत की। पेश है बातचीत के खास हिस्से -

आप तो इस वक़्त उम्मीदवारों के टिकट वितरण में बहुत व्यस्त होंगे?

(हंसते हुए) नहीं ऐसा नहीं है। लेकिन चुनाव हैं तो व्यस्तता बनी ही रहती है।

फिर भी बड़ी तनाव भरी प्रक्रिया होती होगी कि किसे टिकट दें किसका काटें। विधायक बहुत डरे हुए हैं आपकी पार्टी के कि कहीं उनका टिकट न कट जाए।

ऐसा नहीं है। आप देखिए, इतनी लिस्ट जारी हो गईं और कितनों के टिकट कटे, आप खुद बताइए। देखिए...टिकट देने से पहले हम हर विधानसभा इलाके में लोगों की राय जानते हैं। उसके बाद टिकट देते हैं। लोगों की राय में वर्तमान उम्मीदवार ही खरे हैं। जनता ने उन्हें टिकट देने के लिए कहा और हम दे रहे हैं। यही फिर से चुनाव जीतकर आएंगे।

लोग कह रहे हैं कि आपकी सरकार के इतने मंत्री और विधायक पार्टी छोड़कर चले गए। इसलिए आप दवाब में आ गए।

देखिए, वो दल नहीं दलदल है। हमारी पार्टी का काम करने का एकदम अलग तरीका है। इसमें हर तबके को न सिर्फ जिम्मेदारी मिलती है, बल्कि हमारी पार्टी में समाज मे बैठे पहले से आखिरी पंक्ति के व्यक्ति तक का ख़्याल रखा जाता है।

सपा भी तो ख्याल रखते हुए बिजली फ्री देने का आश्वासन दे रही है। जनता के लिए उनके पास फ्री लैपटॉप योजना है। कांग्रेस के पास फ्री स्कूटी योजना है। जोड़ तो सभी विपक्षी पार्टियां रहीं हैं लोगों को।

चुनाव है यह तो। सब जोड़ें। लेकिन सवाल है लोग कहां जुड़ते हैं। वे फ्री बिजली की बात कर रहे हैं। पहले भी तो उनकी सरकारें रहीं हैं। तब बिजली का क्या हाल था। बिजली की आपूर्ति तक दे पाने में फेल थे। जनता सब देख चुकी है। उसे भाजपा पर भरोसा है।

पुरानी पेंशन बहाली एक बड़ा मुद्दा यूपी चुनावों में रहा है। लाखों कर्मचारी जुड़े हैं सीधे तौर पर इससे। सपा ने कहा कि वे बहाली करायेंगे।

पेंशन जब बंद हुई तब कौन मुख्यमंत्री था। बाद में कौन मुख्यमंत्री आया। यह सब कर्मचारियों को भी पता है। उनकी सरकार में तो इसी मसले पर कर्मचारियों का जमकर शोषण हुआ है।

आप जाति धर्म की राजनीति से दूर विकास की राजनीति की बात करते हैं, लेकिन चुनाव तो जातिगत समीकरणों को साध कर लड़ रहे हैं।

जिसे आप जातिगत समीकरण कह रहे हैं वास्तव में वह समाज में सबसे निचले पायदान पर बैठे सबसे पिछड़े व्यक्ति को प्रतिनिधित्व मिले उसका प्रयास है। यही हमारी ताकत हैं। हम डबल इंजन की सरकार के डेवलपमेंट मॉडल पर आगे बढ़ रहे हैं। जिसे प्रदेश की जनता पसंद कर रही है।

कितनी सीटें जीतने का अनुमान लगाया है आपकी पार्टी ने?

तीन सौ प्लस।

किस आधार पर आपको लगता है कि इतनी सीटें मिलेंगी भाजपा को।

हमारा विकास का मॉडल डबल इंजन सरकार की ताकत है। बिजली, पानी, सड़क, आवास, राशन, सुरक्षा, क़ानून व्यवस्था प्रदेश में बहुत बेहतर हुई है। प्रदेश में 15 करोड़ से ज्यादा लोगों को हम मुफ्त में दोनों वक़्त का राशन दे रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान योजना, किसान सम्मान निधि, निर्बाध बिजली से लोगों की जिंदगी सुधर रही है। सड़क, रेल और हवाई मार्ग से यूपी की कनेक्टिविटी बहुत बेहतर हुई है। एक्सप्रेसवे से देखिए कितना बदलाव आने वाला है प्रदेश में। प्रदेश में गुंडाराज खत्म हुआ है। गुंडों और दंगाइयों पर बुलडोजर चल रहा है।

तो आपको लगता है कि बुलडोजर से जनता के बीच आपने बेहतर छवि बनाई है!

यह तो जनता खुद बताएगी। जब दबंगों और गुंडों के राज में लोग शाम को घरों से निकलने में डरते थे, अब वहीं दबंग और गुंडे अपनी जमानतें खारिज करवाकर वापिस जेल में जा रहे हैं। कभी सपा राज में आजम खान का सिक्का चलता था। अब शासन का डंडा है। गलत काम करने वाले जेल में हैं। यही कानून का राज है। लोग खुश हैं। मैं शुरू से कह रहा हूं कि हम लोग जाति धर्म की राजनीति से दूर विकास की बात करते हैं और जनता से उसी मुद्दे पर वोट मांगते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed