फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   UP Cabinet Expansion: much awaited Yogi cabinet expansion in Uttar Pradesh finally took place on Tuesday

UP Cabinet Expansion: BSP की पाठशाला में पढ़े ये मंत्री BJP को देंगे बूस्टर! पश्चिम से पूरब तक ऐसे साधे समीकरण

Tue, 05 Mar 2024 07:52 PM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Tue, 05 Mar 2024 07:52 PM IST
विज्ञापन
सार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बहुजन समाज पार्टी में कभी मजबूत पिलर माने जाने वाले इन नेताओं से भाजपा ने सिर्फ बसपा के कोर वोट बैंक में मजबूत सेंधमारी की तैयारी ही नहीं की है, बल्कि पिछड़ों, ब्राह्मण और दलितों को भी आने वाले लोकसभा चुनाव के नजरिए से साधा है...
loader
UP Cabinet Expansion: much awaited Yogi cabinet expansion in Uttar Pradesh finally took place on Tuesday
UP Cabinet Expansion - फोटो : Amar Ujala/ Sonu Kumar

विस्तार

उत्तर प्रदेश में आखिरकार बहुप्रतीक्षित योगी मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार शाम को हो गया। इस मंत्रिमंडल में ओमप्रकाश राजभर से लेकर दारा सिंह चौहान और अनिल कुमार से लेकर सुनील शर्मा को मंत्री बनाया गया है। खास बात यह है कि चार मंत्रियों में तीन मंत्री ऐसे हैं जिनकी 'सियासी पाठशाला' बहुजन समाज पार्टी रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बहुजन समाज पार्टी में कभी मजबूत पिलर माने जाने वाले इन नेताओं से भाजपा ने सिर्फ बसपा के कोर वोट बैंक में मजबूत सेंधमारी की तैयारी ही नहीं की है, बल्कि पिछड़ों, ब्राह्मण और दलितों को भी आने वाले लोकसभा चुनाव के नजरिए से साधा है। इन चार मंत्रियों के साथ पश्चिम से पूरब की सियासत भी साधी गई है।

मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने पर होली त्योहार न मनाने की धमकी देने वाले ओमप्रकाश राजभर को योगी मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया। सियासी जानकार और वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र शुक्ला कहते हैं कि ओमप्रकाश राजभर से लेकर दारा सिंह चौहान और अनिल कुमार समेत सुनील शर्मा मंत्री बने हैं। इसमें सुनील शर्मा तो भारतीय जनता पार्टी के राम मंदिर आंदोलन से जुड़े हुए नेता हैं। लेकिन बाकी तीन नेता जो मंत्री बनाए गए हैं, उनकी सियासी पाठशाला बहुजन समाज पार्टी ही रही है। शुक्ल कहते हैं कि यह बात अलग है कि बाद में यह नेता अलग-अलग पार्टी में सफर करते हुए आगे बढ़े। लेकिन बाद में बहुजन समाज पार्टी में काशीराम और मायावती के आंदोलन को करीब से समझा है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी ने इन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर न सिर्फ बहुजन समाज पार्टी के कोर वोट बैंक में सेंधमारी करने का बड़ा पॉलिटिकल शॉट लगाया है, बल्कि इन नेताओं के अपने वोट बैंक के माध्यम से भी बड़ी सियासी पिच आगे बढ़ाई है।



राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चार नए मंत्रियों के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में बड़ा सियासी ताना-बाना बुना है। बृजेंद्र कहते हैं कि चार नए मंत्रियों में दो ओबीसी, एक दलित और एक ब्राह्मण चेहरा शामिल किया गया है। इसके अलावा यह सभी चेहरे उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ताल्लुक रखते हैं। ओमप्रकाश राजभर जहां पूर्वांचल में पिछड़ों खासकर राजभर समुदाय के वोट बैंक पर दावा करते हैं। वहीं दारा सिंह चौहान का भी पूरब में पिछड़ों के नेता होने का बड़ा दावा है। राजनैतिक विश्लेषक नासिर सिद्दीकी कहते हैं कि दारासिंह चौहान पिछड़ों के नोनिया समुदाय से आते हैं। उत्तर प्रदेश में इस समुदाय का तकरीबन तीन फीसदी वोट बैंक माना जाता है। इसी तरह अनिल कुमार को मंत्रिमंडल में शामिल कर दलितों खासकर जाटव को अपने पाले में करने का बड़ा दांव चला है। सियासी जानकारों का मानना है कि दलितों में अभी भी जाटव बसपा का कोर वोट बैंक हैं। अनिल कुमार के मंत्री बनने से भाजपा को फायदा दिख रहा है।

योगी मंत्रिमंडल के विस्तार से सिर्फ दलित और ओबीसी की सियासत ही नहीं साधी गई है। बल्कि पश्चिम में ब्राह्मण चेहरे सुनील शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल कर ब्राह्मणों पर भी बड़ा दांव लगाया गया है। राजनीतिक जानकार ओमप्रकाश तंवर कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी में साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा को मंत्री बनाया जाना कई संदेश देता है। उनका कहना है कि सुनील शर्मा को मंत्री बना कर लोकसभा चुनाव में इस इलाके में आने वाली सीटों का भी समीकरण साधा है। अब देखना यह होगा कि गाजियाबाद क्षेत्र से ब्राह्मण चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल कर लोकसभा में किस तरह से प्रत्याशियों पर दांव लगाया जाता है। तंवर का मानना है कि सुनील शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल कर पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी एक संदेश दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed