गडकरी ने की इलाहाबाद पर तोहफों की बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को इलाहाबाद को ढेरों सौगातें दे गए। उन्होंने फाफामऊ में गंगा पर छह लेन ब्रिज, इलाहाबाद-प्रतापगढ़ एवं इलाहाबाद-रीवा नेशनल हाईवे 27 के चौड़ीकरण का शिलान्यास किया। रीवा हाईवे इलाहाबाद से उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश की सीमा को जोड़ता है।
गडकरी ने झूंसी की ओर गंगा में आठ लेन के ब्रिज, फूलपुर, गौहनिया में फोर लेन बाईपास एवं इलाहाबादियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इनर रिंग रोड बनाने का भी ऐलान किया। दावा किया जो काम शुरू हो रहे हैं उन्हें वर्ष 2019 अर्द्धकुंभ के पहले पूरा करा लिया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में गडकरी ने इलाहाबाद-जौनपुर-गोरखपुर और इलाहाबाद से कौरवां-हलिया-पीपरा-मनीगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश जाने वाली सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा भी दे दिया।
केपी कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद केशव प्रसाद मौर्य, सांसद श्यामा चरण गुप्ता और सांसद हरिवंश सिंह की मौजूदगी में कहा कि आज जिन योजनाओं का शिलान्यास किया है, उनका उद्घाटन करने भी मैं ही आऊंगा।
ऐसी सड़कें बनाई जाएंगी उसमें 200 साल तक गड्ढे नहीं होंगे
गडकरी ने कहा कि मैं इलाहाबाद के लोगों को आश्वस्त करता हूं जो सड़कें बनाई जाएंगी उसमें 200 साल तक गड्ढे नहीं होंगे। गडकरी ने कहा कि आज जिन दो मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिया जा रहा है, उसका डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
इन दोनों राजमार्गों पर 2700 करोड़ रुपये के खर्च आने का अनुमान है। कहा कि आज चार हजार करोड़ रुपये की लागत वाले काम शुरू हो रहे हैं। इस सरकार के कार्यकाल के दौरान सिर्फ इलाहाबाद में ही सड़कों के लिए दस हजार करोड़ रुपये के काम आने वाले दिनों में किए जाएंगे।
कहा कि सांसद केशव मौर्य की डिमांड पर गंगा में आठ लेन का ब्रिज, फूलुपर में फोर लेन बाईपास, शहर में इनर रिंग रोड और 1000 करोड़ की लागत से जिले के 25 मार्गों की 380 किलोमीटर सड़क की मंजूरी देने का भी ऐलान करता हूं।
इन कार्यों का हुआ शिलान्यास
कार्य का नाम कुल लागत
नेशनल हाईवे 96 इलाहाबाद बाईपास-प्रतापगढ़ रोड का चौड़ीकरण 599.34 करोड़ रुपये कुल लंबाई 34.70 किलोमीटर
नेशनल हाईवे 27 इलाहाबाद से यूपी-एमपी सीमा तक की रोड का चौड़ीकरण 774.57 करोड़ रुपये कुल लंबाई 41.719 किलोमीटर
फाफामऊ में गंगा नदी पर छह लेन के ब्रिज का निर्माण 1800 करोड़ रुपये