एक फरवरी को पेश होगा आम बजट, कैबिनेट में आज लग सकती है मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में एक फरवरी को बजट पेश करने के वित्त मंत्रालय के प्रस्ताव पर मुहर लगाई जाएगी।
कैबिनेट ने 21 सितंबर को सैद्धांतिक रूप से फरवरी के अंतिम दिन बजट पेश की औपनिवेशिक काल से चली आ रही परंपरा को खत्म करने का फैसला किया था।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए आम बजट पेश करने की तारीख करीब-करीब एक माह पहले की जा रही है।
योजनाओं और कार्यक्रमों में तेजी लाने के लिए किया जा रहा ऐसाः पीएम
प्रगति की मासिक बैठक के दौरान के पीएम ने सभी राज्यों से इसी के हिसाब से अपनी योजनाएं बनाने को कहा। प्रगति (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) आईसीटी आधारित एक प्लेटफॉर्म है जहां पीएम राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर कार्यक्रमों और योजनाओं पर क्रियान्वयन के बारे में चर्चा करते हैं।
इस बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में चुनाव को देखते हुए बजट की तारीख पहले करने पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने निर्वाचन आयोग से सलाह मशविरा कर बताया है कि बजट एक वार्षिक दस्तावेज है और सरकार इसे कभी भी पेश कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक कैबिनेट बैठक में त्योहारी सीजन में चीनी की कीमत काबू में रखने के लिए अगले छह माह तक इसके स्टॉक सीमा को बढ़ाने को भी मंजूरी दी जा सकती है।