मराठा आंदोलन का मजाक उड़ाना शिवसेना को पड़ा भारी, उद्धव ठाकरे ने मांगी माफी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र में मराठा आंदोलन के दौरान विवादित कार्टून छापने के बाद अपने ही सांसद और विधायकों की नाराजगी झेल रहे शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने आखिरकार माफी मांग ली है।
शनिवार को उद्धव ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कार्टून से लोगों की भावना को ठेस पहुंची है तो शिवसेना अध्यक्ष के तौर पर मैं महाराष्ट्र की माताओं-बहनों से विनम्रता पूर्वक माफी मांगता हूं। इसके बाद मराठाओं के संगठन संभाजी ब्रिगेड ने भी विवाद खत्म करने की घोषणा कर दी है।
पिछले दिनों शिवसेना के मुखपत्र सामना में मराठा समाज के मूक मोर्चे को लेकर एक कार्टून प्रकाशित हुआ था। इसे आपत्तिजनक मानते हुए मराठा संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
संभाजी ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने मुखपत्र के नवी मुंबई स्थित प्रेस पर पथराव किया था और ठाणे स्थित कार्यालय पर स्याही फेंकी थी। विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखेपाटील व एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने भी उद्धव से माफी मांगने की मांग की थी।
नफे-नुकसान का आंकलन कर उद्धव ने माफी मांग ली
कार्टून प्रकरण को लेकर उधर, विपक्ष हमलावर था तो इधर, मराठा समाज से ताल्लुक रखने वाले शिवसेना के कई मराठा सांसद-विधायक इस्तीफा देने मातोश्री पहुंच गए थे। हालांकि पहले शिवसेना माफी के लिए तैयार नहीं थी।
लेकिन, मराठा समाज की भारी नाराजगी को देखते हुए राजनीतिक नफे-नुकसान का आंकलन करने के बाद उद्धव ने माफी मांग ली। उन्होंने दावा किया कि कार्टून प्रकरण को लेकर पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है।
वहीं, संभाजी ब्रिगेड के नेता विकास पासलकर ने कहा कि इस मामले का राजनीति से कोई संबंध नहीं था। कार्टून को लेकर जो प्रतिक्रिया सामने आई वह जनभावना का प्रतीक था। उद्धव के माफी मांगने के बाद अब यह विवाद समाप्त हो चुका है।