फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Two people died in lightning strikes in Madurai Tamil Nadu Big News in Hindi

Big News: तमिलनाडु के मदुरै में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत, भारी बारिश के चलते चेन्नई में स्कूल बंद

Sat, 04 Nov 2023 01:26 AM IST
यशोधन शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मदुरै
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मदुरै Published by: यशोधन शर्मा Updated Sat, 04 Nov 2023 01:26 AM IST
सार

 मदुरै के पुलिस अधीक्षक आर शिव प्रसाद ने कहा कि मदुरै जिले में शुक्रवार को बिजली गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। एसपी ने कहा कि छह लोगों को मदुरै सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी को शिवगंगा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका फिलहाल इलाज चल रहा है।

विज्ञापन
Two people died in lightning strikes in Madurai Tamil Nadu Big News in Hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

तमिलनाडु के मदुरै जिले के कीरनूर गांव में बारिश से खुद को बचाने के लिए एक पेड़ के नीचे बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान अग्निराजा (25) और सेल्वा (23) के रूप में हुई। मदुरै के पुलिस अधीक्षक आर शिव प्रसाद ने कहा कि मदुरै जिले में शुक्रवार को बिजली गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। 

विज्ञापन


कब हुआ हादसा
एसपी ने कहा कि छह लोगों को मदुरै सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी को शिवगंगा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका फिलहाल इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई जब शुक्रवार शाम लोगों का एक समूह एक अंतिम संस्कार जुलूस में शामिल होने जा रहा था। एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि भारी बारिश हो रही थी, इसलिए उन्होंने एक पेड़ के नीचे शरण ली। हालांकि, अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई।" अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

विज्ञापन

ईडी ने ओडिशा इंजीनियर के खिलाफ पीएमएलए मामला दर्ज किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा के ग्रामीण विकास विभाग के एक जूनियर इंजीनियर और उनकी पत्नी के खिलाफ पीएमएलए मामला दर्ज किया है। आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 1.16 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। एजेंसी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि जूनियर इंजीनियर बसंत कुमार बस्तिया और उनकी पत्नी रीना बस्तिया के खिलाफ 30 अक्तूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (पीएमएलए) के तहत मामला भुवनेश्वर-सह-विशेष न्यायालय (पीएमएलए) में सत्र न्यायाधीश, खुर्दा की अदालत में दर्ज किया गया था।
 

जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रपति ने जताई चिंता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन एक बड़ी चिंता बन चुका है। इसका सीधा असर खाद्य और जल सुरक्षा पर पड़ रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू प्रोजेक्ट टाइगर के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए एक कला प्रदर्शनी का उद्घाटन करने पहुंची थी। यहां उन्होंने जलवायु परिवर्तन ने खाद्य और जल सुरक्षा के बारे में चिंताएं बढ़ा दी हैं। हम गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। समय हमारे साथ नहीं है। कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र  यादव और उपमुख्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी उपस्थित थे।
विज्ञापन

भाजपा विधायक गोवर्धन शर्मा का अकोला में निधन
भारतीय जनता पार्टी के विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गोवर्धन शर्मा का शुक्रवार को 74 वर्ष की आयु में कैंसर से जूझने के बाद अकोला में निधन हो गया। लालाजी के नाम से मशहूर शर्मा ने 1995 से छह बार अकोला पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को यहां होगा।

ओडिशा में क्योंझर सड़क दुर्घटना में तीन की मौत
ओडिशा के क्योंझर जिले के घासीपुरा इलाके में शुक्रवार दोपहर एक ट्रक से मोटरसाइकिल की टक्कर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान प्रभुदत्त बिस्वाल, प्रभंजन बिस्वाल और जिन्हा रानी के रूप में हुई है। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-215 पर हुई और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

शिवराज के घर वोट मांगने पहुंचे प्रतिद्वंद्वी मस्ताल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ बुदनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम मस्ताल ने जैत गांव स्थित सीएम चौहान के पैतृक निवास पहुंचकर वोट मांगा। उन्होंने घर पर शिवराज के छोटे भाई नरेंद्र सिंह चौहान के पैर छूकर आशीर्वाद मांगा। मस्ताल ने नरेंद्र चौहान के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। पहली बार कोई विरोधी उम्मीदवार सीएम चौहान के घर वोट मांगने पहुंचा। 

वाईएसआरटी का कांग्रेस को समर्थन, नहीं उतारेगी प्रत्याशी
आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला की वाईएसआर तेलंगाना ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करते हुए चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है। शर्मिला की सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद वाईएसआरटी के कांग्रेस को समर्थन की अटकलें लगाई जा रही थीं।

एनआईए ने पीएफआई से जुड़े दो आरोपी राजस्थान से दबोचे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैर-कानूनी गतिविधियों के आरोप में प्रतिबंधित संगठन पीएफआई से जुड़े दो आरोपियों वाजिद अली और मुबारिक अली को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है। एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार दोनों आरोपी मोहम्मद आसिफ, सादिक सर्राफ और मोहम्मद सोहेल के साथ युवा पीएफआई सदस्यों को आतंक का प्रशिक्षण देने में लिप्त थे। 

चंद्रबाबू नायडू की निगरानी के लिए दो डीएसपी तैनात करने की मांग खारिज
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य आधार पर जमानत पर रिहा तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के साथ पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रैंक के दो अधिकारियों को तैनात करने व नियमित रूप से अदालत में रिपोर्ट देने के आपराधिक जांच विभाग के अंतरिम आवेदन को शुक्रवार को खारिज कर दिया।

महाराष्ट्र में अब जेलों से स्मार्ट कार्ड फोन पर बात कर सकेंगे कैदी
महाराष्ट्र की जेलों में बंद कैदियों को अब चोरी-छुपे मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब वे स्मार्ट कार्ड फोन से अपने परिजनों से बात कर सकेंगे। कैदियों के लिए स्मार्ट कार्ड फोन की सुविधा पुणे की यरवदा जेल में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई थी। उसके बाद अब राज्य की सभी जेलों में इसे उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

मणिपुर में दस विधायकों ने सुरक्षा बलों पर लगाया ज्यादती का आरोप
मणिपुर में कुकी, जोमी और हमार आदिवासी समुदायों से आने वाले 10 विधायकों ने आरोप लगाया है कि मोरेह शहर में सुरक्षा बलों ने नागरिकों के साथ ज्यादती की है। इन विधायकों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि इस हफ्ते मोरेह में एक सब-डिवीजनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की मौत दुखद है, लेकिन सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया गैर-पेशेवर थी। 

तृणमूल कांग्रेस के साथ समझौते का सवाल ही नहीं उठता : येचुरी
माकपा के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल होने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस से समझौते का सवाल ही नहीं उठता है। हावड़ा में शुक्रवार को माकपा अधिवेशन में येचुरी ने कहा, इंडिया कोई चुनावी गठबंधन नहीं है। देश को बचाने के लिए बने मोर्चे में जो भी आएगा, उनको लेकर चलना होगा। 

आय से अधिक संपत्ति का मामला तेलंगाना से बाहर भेजने की मांग पर सीबीआई, जगन रेड्डी को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले की सुनवाई किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने की मांग वाली याचिका पर सीबीआई और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी से जवाब मांगा है। याचिका में मामले को पटियाला हाउस कोर्ट में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एसवीएन भट्टी की पीठ वाईएसआर कांग्रेस के असंतुष्ट सांसद रघु रामकृष्ण राजू की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने सीबीआई से पूछा कि मामले की सुनवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है।

आंध्र प्रदेश में होगी जाति गणना प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की मंजूरी
आंध्र प्रदेश ने शुक्रवार को जाति गणना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में एक व्यापक जाति गणना कराने को मंजूरी दी गई। सरकार की विज्ञप्ति के अनुसार, इसका उद्देश्य हाशिए पर रहने वाले वर्गों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक, आजीविका और जनसंख्या डाटा पर प्राथमिक जानकारी इकट्ठा करना है। 

वन अफसरों को धमकाने पर आप विधायक वसावा पर केस, पत्नी गिरफ्तार
गुजरात के वन विभाग के कुछ अधिकारियों को धमकाने और नर्मदा जिले में अपने आवास पर पिस्तौल से हवा में गोली चलाने पर आम आदमी पार्टी (आप) के डेडीयापाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चैतर वसावा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। वसावा की पत्नी, उनके निजी सहायक और एक अन्य व्यक्ति को मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। मामले में वसावा अभी फरार चल रहे हैं। एसपी प्रशांत सुंबे ने बताया, उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को अपने आवास पर बुलाया था। अधिकारियों की ओर से वन भूमि की जमीन का इस्तेमाल खेती के लिए किए जाने पर आपत्ति जताने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया। वसावा नाराज हो गए और उन्होंने अधिकारियों को धमकी दी एवं हवा में गोली चला दी।

शिवसेना विधायक रवींद्र वैकर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज
ईडी ने शिवसेना (यूबीटी) के विधायक रवींद्र वैकर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। उनके खिलाफ जोगेश्वरी में एक पांच सितारा होटल के निर्माण के मामले में केस दर्ज किया गया है। वैकर पर बीएमसी की जमीन पर होटल बनाकर 500 करोड़ का फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है।

घोटाले के सबूत मिटाने की साजिश, रांची जेल खंगाला
प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड में भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रांची स्थित बिरसा मुंडा जेल में छापे मारे। केंद्रीय एजेंसी की तरफ से भूमि घोटाले में गिरफ्तार कई आरोपी न्यायिक हिरासत में इसी जेल में बंद हैं। यह कार्रवाई ऐसे इनपुट के बाद की गई है कि कुछ गिरफ्तार स्थानीय बाहुबली गवाहों को प्रभावित करने, सबूतों से छेड़छाड़ या उन्हें मिटाने की साजिश रच रहे हैं। 

तमिलनाडु में बारिश
तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। चेन्नई में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण चेन्नई में स्कूल आज बंद रहेंगे। मदुरै और शिवगंगा जिलों में भी बारिश के कारण आज स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

नशे से दूर रहने का संदेश देंगे छात्र 
भारत और फ्रांस के छात्र शनिवार को फुटबॉल मैच से नशे से दूर रहने का संदेश देंगे। आईआईएम इंदौर कैंपस में भारत-फ्रांस के छात्रों के बीच मुकाबला होगा। इस मैच का मकसद युवाओं को खेल और फिटनेस के लाभ बताना और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना है। यह मैच खेल और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देगा। इस दौरान से नो टू ड्रग्स, से येस टू स्पोर्ट्स का स्लोगन भी चलाया जाएगा। फ्रांस के यह छात्र स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भारत भ्रमण पर आए हुए हैं।  आईआईएम इंदौर के निदेशक व मूलरूप से यूपी के देवरिया निवासी प्रोफेसर हिमांशु राय ने बताया कि भारत और फ्रांस के छात्रों के बीच यह फुटबॉल मैच महत्वपूर्ण सामाजिक पहल को बढ़ावा देगा। संस्थान हमेशा से फिटनेस और खेल को प्रोत्साहित करता है। स्पोर्ट्स कमिटी के सदस्यों ने कहा कि यह मैच एक ऐसा माहौल तैयार करेगा, जहां युवा खेलों के लिए उत्साहित होंगे। 

आईसीएमआर 25 संस्थानों संग शोध करेगा, सबसे ज्यादा एनसीआर के 
भविष्य की महामारियों और गैरसंचारी रोगों से मुकाबले के लिए सरकार ने सभी संस्थानों को एक साथ मिलकर शोध करने की अनुमति दी है। इसके तहत नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने देश के 25 संस्थानों का चयन किया है जिसमें सर्वाधिक सात संस्थान दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसी साल आम बजट में घोषणा की थी कि देश में शोध को बढ़ावा देने के लिए सरकारी और निजी संस्थानों को आईसीएमआर की प्रयोगशालाओं में कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। सरकार की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए बीते जुलाई माह में सभी संस्थानों से प्रस्ताव मांगे गए जिनके बाद केंद्र की टास्क समिति ने चयन प्रक्रिया पूरा किया।

संस्थानों की सूची में दिल्ली और एनसीआर के साथ महाराष्ट्र के चार, केरल, कर्नाटक के तीन-तीन, पंजाब के दो, उत्तर प्रदेश व गुजरात के एक-एक व पश्चिम बंगाल के दो अनुसंधान संस्थान शामिल हैं। प्रत्येक संस्थान में आईसीएमआर ने प्रधान अन्वेषक को नियुक्त किया है जो आगामी दिनों में अलग अलग बीमारियों को लेकर शुरू होने वाले शोधों की निगरानी रखेंगे। आईसीएमआर के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि भारत स्वास्थ्य अनुसंधान में एक वैश्विक शक्ति बन रहा है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed