तीन महीने की कमाई, एक चाय के लिए गंवाई
कटघर थानाक्षेत्र में दो युवकों को चाय पिलाकर बेहोश कर उनसे नकदी और मोबाइल लूट लिए गए। बुधवार सुबह दोनों युवक रोडवेज बस अड्डे पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय दोनों युवक दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे।
कुंदरकी के गजीपुर निवासी शाहनवाज और दानिश दिल्ली के जाफराबाद स्थित जींस बनाने की फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। तीन माह बाद दोनों अपने घर लौट रहे थे। मुरादाबाद आने के लिए वह दिल्ली से रोडवेज बस में सवार हुए।
बुधवार सुबह कटघर क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के सामने खड़े कुंदरकी जाने के लिए टैंपो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान इनके पास दो अन्य युवक आ गए। वह भी कुंदरकी जाने के लिए बोल रहे थे। दोनों ने अपनी बातों में उलझाकर दानिश और शाहनवाज को चाय पिला दी।
चाय पीते ही दोनों युवक बेहोश हो गए। इसके बाद जहरखुरान दानिश और शाहनवाज के मोबाइल व जेब से दस हजार रुपये और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजन दानिश और शाहनवाज को लेकर चले गए।