{"_id":"5b5cc2024f1c1bab7d8b537e","slug":"trai-chief-tweeted-his-adhar-users-have-gathered-all-their-information","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्राई चीफ ने अपना आधार ट्वीट कर दी चुनौती, यूजर्स ने जुटा दी उनकी सारी जानकारी","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
ट्राई चीफ ने अपना आधार ट्वीट कर दी चुनौती, यूजर्स ने जुटा दी उनकी सारी जानकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 29 Jul 2018 03:19 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आधार कार्ड के जरिए निजी जानकारियां चोरी होने की शंकाओं और इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में लंबित बहस के बीच शनिवार को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के चेयरमैन आरएस शर्मा ने अनोखा कारनामा किया। उन्होंने अपना आधार नंबर ट्विटर पर अपलोड करने के बाद हर किसी को ये दिखाने की चुनौती दी कि मात्र नंबर की जानकारी होने से उसका दुरुपयोग कर कैसे उन्हें हानि पहुंचाई जा सकती है।
विज्ञापन
शर्मा की चुनौती को ट्विटर यूजर्स की तरफ से जमकर प्रतिक्रिया भी मिली और दर्जनों यूजर्स ने उनके आधार नंबर से जुड़ा मोबाइल नंबर, उनकी निजी जीमेल आईडी, याहूमेल आईडी समेत उनके वोटर आईडी कार्ड में दर्ज जानकारियां तक सार्वजनिक कर दीं। शर्मा ने ये कदम जस्टिस श्रीकृष्ण कमेटी की डाटा की सुरक्षा को लेकर दी गई उस रिपोर्ट के एक दिन बाद उठाया है, जिसमें जस्टिस श्रीकृष्ण ने आधार अधिनियम में संशोधनों के अलावा आधार धारकों की जानकारी सुरक्षित करने के लिए कुछ नए सुरक्षा कवच अपनाने का प्रस्ताव दिया है।
विज्ञापन
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के पूर्व महानिदेशक रहे शर्मा आधार कार्यक्रम के जबरदस्त समर्थकों में से एक रहे हैं और इसके सिस्टम के सुरक्षित होने का जिम्मा लेते रहे हैं। यहां तक कि ट्राई चीफ के तौर पर वर्तमान कार्यकाल में भी वे आधार की निजता को लेकर चिंताओं को खारिज करते रहे हैं। बता दें कि पिछले एक साल में आधार से जुड़ी जानकारियां लीक होने की कई रिपोर्ट मीडिया में आई हैं और सुप्रीम कोर्ट ने इसकी संवैधानिकता पर अपना फैसला सुरक्षित किया हुआ है।
विज्ञापन
जमकर वायरल हुआ ट्विटर पर शर्मा का ट्वीट
शर्मा के ट्विटर पर आधार नंबर डालने के बाद थोड़ी ही देर में उसे 577 बार रिट्वीट किया गया और 745 लोगों ने उसे लाइक किया। एक ने उनका मोबाइल नंबर ढूंढ निकालने का दावा किया तो कई ने उन्हें 12 अंकों का आधार नंबर डालने के लिए ट्रोल किया।
एक यूजर ने सवाल उठाया कि यदि उसने आधार नंबर की जानकारी सार्वजनिक कर दी तो क्या उस पर कानूनी कार्रवाई होगी तो शर्मा ने उसे उत्तर दिया कि आप दिखाओ मेरे दोस्त, वादा करता हूं कि मैं आपके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करूंगा। हालांकि जब शर्मा से इस संबंध में संपर्क किया गया तो उन्होंने ये कहकर किसी टिप्पणी से इनकार कर दिया कि चुनौती को थोड़ा और समय तक चलने दो।