फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Todays News Updates Police bust racket in Thane 5 Bangladeshi held Nagpur coal businessman cheated Know all

Updates: ठाणे में पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया पर्दाफाश, पांच बांग्लादेशी समेत छह गिरफ्तार

Mon, 09 Oct 2023 05:25 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 09 Oct 2023 05:25 PM IST
सार

पुलिस ने आरोपियों को भनक लगे बिना पकड़ने के लिए रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया और पूरी सतर्कता के साथ पांच लोगों को धर दबोचा। 

विज्ञापन
Todays News Updates Police bust racket in Thane 5 Bangladeshi held Nagpur coal businessman cheated Know all
महाराष्ट्र पुलिस - फोटो : फाइल

विस्तार

महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। बताया गया है ठाणे के कल्याण में पुलिस ने इस मामले में पांच बांग्लादेशियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन


कल्याण जोन-3 के डिप्टी कमिश्नर सचिन गुंजाल ने बताया कि सात बांग्लादेशी महिलाओं को बंधक बनाकर उन्हें जबरदस्ती जिस्मफरोशी के कारोबार में उतारा गया था। उन्होंने कहा कि पांच अक्तूबर को बांग्लादेश के एक एनजीओ के प्रतिनिधि ने पुणे आधारित सामाजिक संगठन को जानकारी दी थी कि एक शख्स पड़ोसी देश से एक 19 साल की लड़की को नौकरी दिलाने के बहाने भारत लाया है। इस महिला को ठाणे में हेतुत्ने गांव में रखा गया था और उसे जिस्मफरोशी के धंधे में उतार दिया गया था। 
विज्ञापन


इस सूचना के आधार पर मनपदा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने छह अक्तूबर को चॉल में छापेमारी की और यहां से पीड़ित लड़की समेत छह अन्य महिलाओं को बचाया। इन सभी को एक कमरे में बंद रखा गया था। इन सभी महिलाओं को बांग्लादेश से नौकरी दिलाने के बहाने लाया गया और उसके बाद वैश्यावृत्ति में धकेल दिया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस ने आरोपियों को भनक लगे बिना पकड़ने के लिए रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया और पूरी सतर्कता के साथ पांच लोगों को धर दबोचा। आरोपियों की उम्र 24 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है। इनके साथ ही पुलिस ने एक 31 वर्षीय कमरे के मालिक को भी गिरफ्तार किया, जिसने आरोपियों को किराए पर कमरा दिया था। 

पुलिस ने आरोपियों के कमरे की तलाशी में 25 संदिग्ध आधार कार्ड, 10 पैन कार्ड, चार बर्थ सर्टिफिकेट और भारत-बांग्लादेश की मुद्रा भी जब्त की है। आरोपियों पर आईपीसी और पासपोर्ट कानून के साथ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

नागपुर के कोयला व्यवसायी से 5.39 करोड़ की धोखाधड़ी

विदेश में निवेश पर उच्च रिटर्न का वादा कर 18 लोगों के एक गिरोह ने नागपुर के एक व्यवसायी से 5.39 करोड़ रुपये की ठगी की। आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि कोयला व्यापारी अंकुरकुमार अग्रवाल ने धंतोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर जांच शुरू हुई।

शिकायत के अनुसार, मंदार कोलटे नाम का एक व्यक्ति उनके संपर्क में आया और उन्हें विदेश में निवेश करने की योजना का लालच दिया। कोल्टे को 17 लोगों ने मदद की, जिनमें से ज्यादातर मुंबई से थे। वे अग्रवाल को विभिन्न पांच सितारा होटलों में भी ले गए। पीड़ित ने निवेश योजना के अनुसार आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में 5.39 करोड़ स्थानांतरित किए, लेकिन जल्द ही उसे एहसास हुआ कि उसे धोखा दिया गया है।

करुवन्नूर बैंक घोटाला: दो को ईडी की एक दिवसीय हिरासत में भेजा गया
करुवन्नूर सेवा सहकारी बैंक घोटाले के संबंध में धनशोधन मामले की सुनवाई कर रही एक विशेष अदालत ने सोमवार को दो आरोपियों को एक दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार किए गए पी आर अरविंदाक्षन और सी के जिल्स को मंगलवार तक के लिए एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। प्रवर्तन निदेशालय ने करुवन्नूर सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामले में केरल के वडक्कनचेरी से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पार्षद अरिवंदाक्षन को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया था। निदेशालय ने बैंक के पूर्व कर्मचारी सी के जिल्स को भी गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की बैंक निधि की हेराफेरी की थी।

गुजरात: राजकोट में आठ वर्षीय बच्ची की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या
गुजरात के राजकोट शहर में तीन लोगों ने आठ वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो बच्ची के पिता के जानकार हैं। बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के एक दिन बाद सात अक्टूबर को उसका शव शहर के एक रेलवे स्टेशन के पीछे एक सुनसान जगह से बरामद हुआ था।

मणिपुर वायरल वीडियो मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश
मणिपुर में वायरल एक वीडियो में एक व्यक्ति को कथित तौर पर जलाते हुए दिखाया गया। इसे लेकर सोमवार को सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश करते हुए कहा कि यह मामला उस घटना से जुड़ा है, जिसमें दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद एक आदिवासी संगठन ने इस घटना की निंदा की है। माना जा रहा है कि वीडियो चार मई का है।

पैगंबर मोहम्मद का चित्र छापने के मामले में प्रकाशक पर केस दर्ज
कक्षा चार की पाठ्यपुस्तक में पैगंबर मोहम्मद की 'तस्वीर' छापने के आरोप में एक प्रकाशक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को कहा कि पाठ्यपुस्तक को कालापत्थर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत एक निजी स्कूल में वितरित किया गया। इसमें पैगंबर के चित्रण के कारण रविवार रात कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि इस कृत्य से मुसलमानों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस्लामी आस्था के अनुसार, पैगंबर के चित्रण की अनुमति नहीं है।

आरएलडीए में 31 करोड़ की हेराफेरी, सीबीआई ने पांच को किया गिरफ्तार
सीबीआई ने 31.50 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि एजेंसी ने गिरफ्तार आरोपियों, आरएलडीए के पूर्व प्रबंधक विवेक कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व शाखा प्रबंधक जसवंत राय और तीन अन्य गोपाल ठाकुर, हितेश करेलिया व नीलेश भट्ट को एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सीबीआई ने आरएलडीए की एक शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसे अज्ञात व्यक्तियों ने 31.50 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।

तमिलनाडु में मेडिकल की छात्रा ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
तमिलनाडु के कन्याकुमारी में 27 वर्षीय मेडिकल की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा मूकांबिका इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में स्नातकोत्तर के दूसरे साल की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने प्रोफेसर्स, सीनियर्स पर यौन उत्पीड़न और मानसिक रूप से शोषण करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने अपने पत्र में डॉ. परमाशिवन, डॉ. हरीश, व डॉ. प्रीति पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। छात्रा ने यह भी बताया है कि डॉ. परमाशिवन, डॉ. हरीश ने उसका किस तरीके से यौन उत्पीड़न किया। छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा, सॉरी अप्पा, मैं आपसे सबसे ज्यादा प्यार करती हूं।

29 साल बाद पकड़े गए महाराष्ट्र में पांच लोगों की हत्या के आरोपी
यूपी एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने वाराणसी के सारनाथ से हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमे से एक आरोपी तांत्रिक और दूसरा उसका भाई सहयोगी है, जो मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले है। दोनों 1994 में महाराष्ट्र के ठाणे में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर फरार हो गए थे। 29 साल से महाराष्ट्र पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। यूपी एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों सारंगनाथ पहुंच रहे है।

जेल में बंद तमिलनाडु सरकार के मंत्री बालाजी अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु की पुझाल जेल में कैद राज्य सरकार के मंत्री वी सेंथिल बालाजी को सोमवार को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बालाजी को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें जेल से अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। इस बाबत पुलिस ने और जानकारी नहीं दी है। 

ब्रिटिश पीएम सुनक जल्द आ सकते हैं भारत 
भारत और ब्रिटेन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की नई दिल्ली की यात्रा पर विचार कर रहे हैं। लेकिन यह इस पर निर्भर करेगा कि क्या दोनों पक्ष बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर मतभेदों को सुलझा सकते हैं या नहीं। एक सूत्र ने सोमवार को कहा कि दोनों पक्ष 28 अक्तूबर के आसपास यात्रा की संभावना तलाश रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं है। यह यात्रा महत्वाकांक्षी एफटीए को अंतिम रूप देने से जुड़ी है। दोनों पक्षों ने एफटीए के 26 लगभग 24 अध्यायों को अंतिम रूप दे दिया है और अब वे कुछ वस्तुओं पर आयात शुल्क रियायतों समेत कुछ विवादास्पद मुद्दों पर मतभेदों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। माना जाता है कि पीएण सुनक 29 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाला भारत-इंग्लैंड विश्व कप क्रिकेट मैच देखने आ सकते हैं। पिछले महीने जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने सुनक भारत आए थे। शिखर सम्मेलन से इतर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

सिक्किम बाढ़ : मृतकों की संख्या 70 हुई,  113 लोग अब भी लापता
सिक्किम में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 70 हो गई। इनमें 34 शव सिक्किम और पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से अब तक 36 शव बरामद हुए हैं। 113 लोग अभी भी लापता हैं। 26 लोग घायल है, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। यह जानकारी सिक्किम राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष और जलपाईगुड़ी पुलिस ने दी है। सिक्किम एसएसडीएमए के मुताबिक बाढ़ से चार जिलों के 90 इलाके प्रभावित हुए हैं। इन जिलों में 87,300 लोग प्रभावित हुए हैं। 1781 घरों को नुकसान पहुंचा है। अब तक 2563 बचाया गया जबकि 3197 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस समय राज्य में कुल 25 रीलिफ कैंप बनाए गए हैं, इनमें 5267 लोग रह रहे हैं।

मुंबई में आतंकियों को शरण देने पर दो बांग्लादेशियों को पांच साल की जेल
मुंबई की एक विशेष एनआईए अदालत ने सोमवार को दो बांग्लादेशियों रिपन हुसैन उर्फ रूबेल और मोहम्मद हसन अली को अल-कायदा से जुड़े अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के आतंकियों को शरण देने का दोषी मानते हुए पांच साल कैद की सजा सुनाई। दोषियों पर जुर्माना भी लगाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि विशेष अदालत ने दोनों को आईपीसी और विदेशी अधिनियम की धाराओं के तहत दोषी ठहराया, जबकि शेष तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा जारी है। एनआईए ने दोषियों एवं अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सितंबर, 2018 में आरोप पत्र दायर किया था।

इस बारे में शुरू में महाराष्ट्र पुलिस ने 16 मार्च, 2018 को मामला दर्ज किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वैध दस्तावेजों के बिना पुणे में रह रहे कई बांग्लादेशी एबीटी के सदस्यों की सहायता करने में शामिल थे। इस पर पुलिस ने पुणे के धोबीघाट, भैरोबा नाला से मोहम्मद हबीबुर रहमान हबीब उर्फ राज जेसुब मंडल समेत पांच बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने 18 मई, 2018 को मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।

जांच में पता चला है कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों ने अवैध रूप से भारत में घुसपैठ कर फर्जी दस्तावेजों और फर्जी नामों के तहत पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और राशन कार्ड हासिल कर लिए थे। उन्होंने इनका इस्तेमाल सिम कार्ड हासिल करने, बैंक खाते खोलने और रोजगार तलाशने के लिए किया। उन्होंने पुणे में एबीटी आतंकियों को शरण दी एवं सहायता प्रदान की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed